Gaya Ji News : गया जिले के परैया प्रखंड अंतर्गत पुनाकला गांव निवासी युवा समाजसेवी राहुल राज को ‘हिंदुस्तान यूथ आइकॉन अवॉर्ड–2026’ से सम्मानित किया गया है. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित मां शाकंभरी विश्वविद्यालय में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया.
समाज सेवा में योगदान के लिए मिला पुरस्कार
यह सम्मान राहुल राज को यूथ एवरेस्ट फाउंडेशन के तत्वावधान में समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया. समारोह में उन्होंने बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व किया.
हिंदुस्तान यूथ आइकॉन बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम
राहुल राज की उपलब्धि को एक और पहचान मिली है. उनका नाम ‘हिंदुस्तान यूथ आइकॉन बुक ऑफ रिकॉर्ड’ में भी दर्ज किया गया है.
एक दशक से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं राहुल राज
राहुल राज पिछले करीब एक दशक से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं. उन्होंने कोरोना काल में आपातकालीन सेवा, पितृपक्ष मेले में श्रद्धालुओं की सहायता, स्वच्छता अभियान, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और साइबर सुरक्षा जागरूकता जैसे क्षेत्रों में लगातार काम किया है.
सम्मान ने बढ़ाया समाज सेवा का उत्साह
पुरस्कार मिलने के बाद राहुल राज ने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज हित और राष्ट्रहित के कार्यों को और अधिक ऊर्जा व निष्ठा के साथ करने के लिए प्रेरित करेगा. उन्होंने कहा कि समाज सेवा का कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेगा.
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने दी बधाई
राहुल राज की इस उपलब्धि पर परैया प्रखंड प्रमुख जितेंद्र यादव, मुखिया संघ अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, मुखिया रामबिलास मांझी, पंचायत समिति सदस्य प्रीति सिन्हा, भाजपा नेता विनय कुशवाहा, सरपंच जगदेव पासवान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, युवाओं और ग्रामीणों ने बधाई दी.
