Gaya Ji News : गया-गोह मुख्य मार्ग पर मंजाठी मोड़ के समीप बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब एक बजे नवबिहार टाइम्स का प्रेस वाहन एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया. हादसे में वाहन चालक समेत दो लोग घायल हो गए, जबकि प्रेस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया.
घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ इलाज
घायलों की पहचान औरंगाबाद जिले के सोहलपुरा निवासी राहुल कुमार तथा कवई गांव निवासी मृतराज कुमार के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों को गोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉ. अभिनव चंद्र ने प्राथमिक उपचार किया. हादसे में राहुल कुमार के हाथ और मृतराज कुमार के सिर में गंभीर चोट आई है. हालांकि चिकित्सकों ने दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई है.
औरंगाबाद से पटना जा रहा था प्रेस वाहन
वाहन चालक राहुल कुमार ने बताया कि वह औरंगाबाद से नवबिहार टाइम्स के अखबार लेकर दाउदनगर, गोह और कोंच होते हुए पटना जा रहे थे. इसी दौरान मंजाठी मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने प्रेस वाहन में टक्कर मार दी और करीब 100 मीटर तक उसे घसीटता ले गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोंच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
Also Read : शेखपुरा रहा बिहार का सबसे गर्म जिला, 37.7°C तापमान के बाद बारिश से मिली राहत
