Gaya Ji Crime: बेलागंज थाना क्षेत्र के डीहा मोड़ के पास सोमवार की अहले सुबह वाहन जांच के दौरान पुलिस ने लूट की योजना बना रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार युवकों के पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा बरामद किया है. मौके से घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की गयी है.
थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि पुलिस टीम रविवार की देर रात डीहा मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को संदिग्ध स्थिति में रोककर उनकी तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ.
पूछताछ में लूट की योजना बनाने की बात सामने आयी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों युवकों के लूट की योजना बनाने की बात सामने आयी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों किस स्थान पर लूट की घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे.
गिरफ्तार युवकों की पहचान पनारी गांव निवासी गौरव कुमार और फतेहपुर गांव निवासी मोनू कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक संख्या BR02B-L9378 को भी जब्त कर लिया है.
आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
पुलिस दोनों गिरफ्तार युवकों से पूछताछ कर रही है. साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है. मामले में आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
बताया जाता है कि गिरफ्तार गौरव कुमार पनारी पंचायत के पूर्व सरपंच रविंद्र यादव का पुत्र है. पुलिस के अनुसार, गौरव ने हथियार जहानाबाद जिले के विष्णुगंज से खरीदने की बात स्वीकार की है. पुलिस अब हथियार की खरीद से जुड़े अन्य पहलुओं और दोनों युवकों की कथित लूट की योजना के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
