केंद्रीय विद्यालय संगठन, पटना संभाग के तत्वावधान में आयोजित संकुल स्तरीय द्वि-दिवसीय "एक भारत श्रेष्ठ भारत एवं कला उत्सव-2026" का गुरुवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 में भव्य शुभारंभ हुआ.
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन व गणेश वंदना के साथ किया गया. समारोह में मुख्य अतिथि शास्त्रीय व अर्धशास्त्रीय (वाराणसी घराना) गायक राजेंद्र कुमार सिजुआर, विशिष्ट अतिथि शिशिर सौरभ श्रीवास्तव (सहायक आयुक्त, सीजीएसटी, गया) तथा डॉ. स्वाति सक्सेना उपस्थित रहीं.
विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता ने अतिथियों एवं निर्णायक मंडल को पौधा और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया.
सांस्कृतिक विविधता और कला उत्सव का महत्व
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि "एक भारत श्रेष्ठ भारत" कार्यक्रम देश की सांस्कृतिक विविधता में एकता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने बताया कि कला उत्सव विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने, भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने का सशक्त मंच है.
दो दिवसीय आयोजन में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 ओटीए गया, जहानाबाद, राजगीर, सासाराम, औरंगाबाद, नबीनगर तथा बाराचट्टी सहित आठ केंद्रीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं व अनुरक्षक शिक्षक भाग ले रहे हैं.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और आगामी प्रतियोगिताएं
उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति, भारतीय संस्कृति एवं लोक परंपराओं पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया. प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए मनीष कुमार, कुमार रजनीश, चंद्रशेखर कुमार, सुष्मिता बोस, ऋषि कुमार एवं तान्या बनर्जी निर्णायक के रूप में मौजूद रहे. दूसरे दिन संगीत, नृत्य, चित्रकला सहित विभिन्न कला विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी.
Also Read : श्रावणी मेला को लेकर गया स्टेशन पर आरपीएफ अलर्ट, यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के दिए टिप्स
