Gayaji News : आगामी पितृपक्ष मेले को लेकर पर्यटन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में सोमवार को पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह, पर्यटन निदेशक उदयन मिश्रा, गया डीएम शशांक शुभंकर, संयुक्त सचिव पर्यटन प्रदीप कुमार सिंह सहित पर्यटन विभाग व जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने बोधगया और गया में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया. अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पितृपक्ष मेले की तैयारियों का भी जायजा लिया.
पिंडदानियों की सुविधा और सुरक्षा रहेगी प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने देश-विदेश से आने वाले पिंडदानियों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और मूलभूत सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. अधिकारियों ने कहा कि पितृपक्ष मेला पूरी भव्यता और सुव्यवस्था के साथ आयोजित किया जाये, ताकि श्रद्धालुओं को गया जी में सुरक्षित, सुगम और बेहतर आध्यात्मिक अनुभव मिल सके.
महाबोधि मंदिर क्षेत्र और जयप्रकाश उद्यान का निरीक्षण
पर्यटन सचिव व अन्य अधिकारियों ने महाबोधि मंदिर क्षेत्र और जयप्रकाश उद्यान का निरीक्षण किया. इस दौरान वहां चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गयी और आवश्यक सुधार को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया. अधिकारियों ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया.
देवघाट की व्यवस्थाओं को भी परखा
गया जी स्थित देवघाट का भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया. पितृपक्ष मेले के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर रखने पर जोर दिया गया.
लाखों पिंडदानी पहुंचते हैं गया जी
पितृपक्ष के दौरान गया जी के प्रेतशिला से लेकर बोधगया के धर्मारण्य तक पिंडदान और कर्मकांड की प्रक्रिया पूरी की जाती है. इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी बड़ी संख्या में पिंडदानी अपने पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना लेकर गया पहुंचते हैं. ऐसे में जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के सामने श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना बड़ी चुनौती रहती है.
