पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त

Gaya Ji News : गया जी पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त डॉ. गगन ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. साफ-सफाई, पेयजल और नागरिक सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया है.

Gaya Ji News : गया जी पितृपक्ष मेला गया जी की पहचान है और इसकी व्यवस्थाओं पर पूरे देश और दुनिया की नजर रहती है. इसलिए मेला की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उक्त बातें बुधवार को पितृपक्ष राजकीय मेला क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त डॉ. गगन ने कही. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर मरम्मत, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, सफाई या अन्य कार्य शेष हैं, उनकी सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर समय रहते पूरा किया जाए.नगर आयुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी नियमित रूप से मेला क्षेत्र का निरीक्षण करें और कार्यों की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा करें. मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.

साफ-सफाई, पेयजल और नागरिक सुविधाओं पर विशेष जोर

नगर आयुक्त ने कहा कि पितृपक्ष मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, सड़क और अन्य नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए. उन्होंने निर्देश दिया कि जहां भी किसी प्रकार की कमी दिखाई दे, उसे तत्काल दूर किया जाए. इस बार पितृपक्ष मेला की तैयारियों में किसी भी तरह की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएंगे.

नगर निगम ने तैयारियों को लेकर की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर नगर निगम पूरी तरह गंभीर और कृतसंकल्पित है. बुधवार को नगर निगम कार्यालय में नगर आयुक्त डॉ. गगन ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क, नाला, शौचालय, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. समीक्षा बैठक के बाद नगर आयुक्त स्वयं अधिकारियों की टीम के साथ मेला क्षेत्र के निरीक्षण के लिए पहुंचे. इस दौरान कई स्थानों पर कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए.

विष्णुपद मंदिर, देवघाट और सीताकुंड का किया निरीक्षण

नगर आयुक्त ने विष्णुपद मंदिर परिसर के अलावा देवघाट, सीताकुंड, मंदिर के प्रवेश मार्ग और आसपास के क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने की आवश्यकता महसूस की गई. इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे मेला क्षेत्र को जोन में बांटकर युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया जाए. उन्होंने कहा कि पितृपक्ष मेला में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पिंडदानी पहुंचते हैं. ऐसे में किसी भी स्थान पर गंदगी या अव्यवस्था दिखाई नहीं देनी चाहिए.

टूटे टाइल्स और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का निर्देश

सीताकुंड निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर और आसपास लगे टूटे-फूटे टाइल्स, क्षतिग्रस्त फर्श और अन्य संरचनात्मक कमियों पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी क्षतिग्रस्त टाइल्स और मरम्मत योग्य स्थानों की सूची तत्काल तैयार की जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर उन्हें ठीक कराया जाए. नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि आधे-अधूरे कार्य या केवल खानापूर्ति किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी. निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारी और इंजीनियर मौजूद रहे.

Also Read : शेखपुरा रहा बिहार का सबसे गर्म जिला, 37.7°C तापमान के बाद बारिश से मिली राहत



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Jitendra Mishra

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >