जीटी रोड पर भीषण सड़क हादसा, वाहन के परखच्चे उड़े प्रतिनिधि, शेरघाटी. जीटी रोड पर बुधवार को भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये. यह हादसा आमस थाना क्षेत्र के राजापुर गांव के समीप पुलिया के पास हुआ. जानकारी के अनुसार, कोंच थाना क्षेत्र के कावा बिगहा गांव निवासी महमूद कुरैशी अपने साथियों के साथ झारखंड के झरिया से बकरी बेचकर पिकअप वैन से अपने घर लौट रहे थे. इस दौरान जीटी रोड पर राजापुर गांव के पास पुलिया के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और दो पुलों के बीच बने डिवाइडर से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गये और उसमें सवार महमूद कुरैशी की मौके पर ही मौत हो गयी. इस हादसे में मोहम्मद सरफुद्दीन, मोहम्मद प्यारे और प्यारे हसन गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल शेरघाटी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल गया रेफर कर दिया गया. बताया गया कि इलाज के दौरान प्यारे हसन की भी मौत हो गयी, जबकि मोहम्मद सरफुद्दीन और मोहम्मद प्यारे का इलाज फिलहाल गया में चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गये और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया. बाद में हादसे की जानकारी परिजनों को दी गयी, जिसके बाद देर शाम तक मृतक और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गये. आमस थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल गया भेज दिया है. साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गयी है.
डिवाइडर से टकराया पिकअप, दो लोगों की मौत, एक गंभीर

डिवाइडर से टकराया पिकअप, दो लोगों की मौत, एक गंभीर
Copied link
जीटी रोड पर भीषण सड़क हादसा, वाहन के परखच्चे उड़े