Gayaji News(प्रमोद कुमार): पटना से झारखंड के हरिहरगंज तक विस्तारित स्टेट हाइवे-69 को राष्ट्रीय राजमार्ग में परिवर्तित करने के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने सकारात्मक संकेत मिलने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस संबंध में औरंगाबाद सांसद अभय कुमार सिंहा को पत्र लिखकर जानकारी दी है.
राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का अनुरोध
केंद्रीय मंत्री ने अपने पत्र में बताया है कि सांसद द्वारा 23 मार्च 2026 को भेजे गये प्रस्ताव में पटना से हरिहरगंज तक लगभग 225 किलोमीटर लंबे मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का अनुरोध किया गया था. यह मार्ग सात विधानसभा क्षेत्रों और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल गया को जोड़ता है. एनएच-139 पटना और हरिहरगंज को औरंगाबाद के रास्ते जोड़ता है. वहीं यह मार्ग जहानाबाद और गया के रास्ते एनएच-2 से भी जुड़ा हुआ है. जिससे क्षेत्र को बेहतर राष्ट्रीय राजमार्ग कनेक्टिविटी प्राप्त है.
केन्द्रीय मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की प्रक्रिया में यातायात घनत्व, माल परिवहन, यात्री आवागमन, क्षेत्रीय सामाजिक-आर्थिक विकास, पर्यटन तथा प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना जैसे विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखा जाता है. उन्होंने सांसद के प्रस्ताव के महत्व को स्वीकार करते हुए कहा कि मंत्रालय ने संबंधित अधिकारियों को इस मार्ग को नए राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यक्रम के तहत विचार करने के निर्देश दिए हैं. इससे क्षेत्र के लोगों में सड़क संपर्क और विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है.
क्या बोले सांसद अभय कुमार सिंहा
इधर इस संबंध में सांसद अभय कुमार सिंहा ने बताया कि इमामगंज, डुमरिया, बांकेबाजार, गुरुआ, टिकारी नक्सल प्रभावित और पिछड़ा इलाका रहा है. एसएच 69 के एनएच में परिवर्तित हो जाने से निश्चित तौर पर इस पिछड़े क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी और विकास का नया रास्ता खुलेगा. उन्होंने बताया कि इस मार्ग को एनएच में परिवर्तित करने के लिए केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को चार से पांच बार आवेदन दे चुका हूं और पुनः प्रधानमंत्री जी से इस कार्य के लिए आग्रह करने वाला हूं. इसके लिए मिलने का समय भी मांगा गया है. उन्होंने केन्द्रीय मंत्री द्वारा संबंधित अधिकारियों को इस मार्ग को राष्ट्रीय राज्य मार्ग निर्माण कार्यक्रम के तहत विचार करने का निर्देश दिये जाने की प्रशंसा करते हुए आभार प्रकट की है.
Also Read: बक्सर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 15 हजार के इनामी टॉप-10 अपराधी कर्नाटक से गिरफ्तार
