गयाजी में दो पंचायत रोजगार सेवकों की बर्खास्तगी पर भड़का संघ, 2 दिन का दिया अल्टीमेटम

गया में पंचायत रोजगार सेवक संघ ने दो बर्खास्त कर्मियों की बहाली और लंबित मानदेय भुगतान की मांग की है। प्रशासन को दो दिनों का अल्टीमेटम दिया गया है।

Gayaji News : गया के गांधी मैदान स्थित गांधी मंडप में सोमवार को पंचायत रोजगार सेवक संघ की बैठक हुई. बैठक के बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जिले के दो बर्खास्त पंचायत रोजगार सेवकों की सेवा बहाल करने की मांग की. संघ ने उप विकास आयुक्त से 14 अगस्त 2026 को जारी बर्खास्तगी आदेश को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए वापस लेने और दोनों कर्मियों को दो दिनों के भीतर सेवा में बहाल करने की मांग की.

बर्खास्तगी के आधार पर संघ ने उठाये सवाल

संघ के अनुसार, दोनों पंचायत रोजगार सेवकों की बर्खास्तगी के लिए 25 मार्च 2022 के विभागीय आदेश को आधार बनाया गया है. संघ का कहना है कि उक्त आदेश में विभिन्न प्रकार के शास्ति दंड का प्रावधान है. इसके बावजूद सीधे बर्खास्तगी की कार्रवाई की गयी. संघ ने दावा किया कि दोनों कर्मियों ने अप्रैल से जून तक मानव दिवस सृजन का कार्य निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप किया है.

तीन महीने से मानदेय नहीं मिलने का भी आरोप

बैठक में पंचायत रोजगार सेवकों ने तीन महीने से मानदेय लंबित होने का मुद्दा भी उठाया. संघ ने कहा कि कार्य अवधि के दौरान मजदूरों को मांग के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराया गया और बेरोजगारी भत्ता देने की स्थिति नहीं बनी. संघ के अनुसार, एमआर निर्गत करने का कार्य कार्यक्रम पदाधिकारी के लॉगिन से किया जाता है.

डीएम से मिलने की कोशिश, जल्द सौंपेंगे ज्ञापन

संघ के सदस्यों ने बताया कि वे जिलाधिकारी से मिलकर भी अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपना चाहते थे, लेकिन प्रशासनिक व्यस्तता के कारण मुलाकात नहीं हो सकी. संघ ने कहा कि जल्द ही डीएम से मिलकर ज्ञापन सौंपा जायेगा.

दो दिन में सेवा बहाली नहीं हुई तो आंदोलन

पंचायत रोजगार सेवक संघ ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के अंदर दोनों बर्खास्त कर्मियों की सेवा बहाल नहीं की गयी, तो संगठन संवैधानिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा. इसके बाद आंदोलन की अगली रणनीति तय कर जिला प्रशासन के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठायी जायेगी.

दो दिनों में बर्खास्त पंचायत रोजगार सेवकों की वापसी की मांग, संघ ने दी चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >