गया जी के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में जीटी रोड के पास रविवार की देर रात सड़क हादसे में अर्जुन रविदास नामक दिव्यांग की मौत हो गई. मृतक बाराचट्टी थाना क्षेत्र के रटनी गांव का रहने वाला बताया जाता है.
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क पार करने के दौरान एक अज्ञात कार की चपेट में अर्जुन आ गया और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया.
अर्जुन को सड़क पर गिरा देख बड़ी संख्या में आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और इस दौरान लोगों ने सड़क जाम कर जोरदार विरोध जताया.
प्रशासनिक अधिकारियों की पहल पर समाप्त हुआ जाम
घटना की सूचना मिलने के बाद शेरघाटी के अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार, अनुमंडल पुलिस उपाधीक्षक-2 राजन कुमार, थानाध्यक्ष अमरेंद्र किशोर और डोभी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सहित भारी संख्या में सुरक्षा बल घटनास्थल पर पहुंचे.
प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और यातायात को सुचारू रूप से चालू करवाया.
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया
सोमवार को पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेज दिया है.
पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और पूरे मामले की बारीकी से जांच-पड़ताल करने में जुटी हुई है. इस दुर्घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
