गया जी के सरबहदा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 लीटर देशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से शराब ढोने में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त कर ली. गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी
सरबहदा थानाध्यक्ष निशा कुमारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति दोपहिया वाहन से बड़ी मात्रा में देशी शराब लेकर सरबहदाडीह की ओर जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई की गयी. सरबहदाडीह के ग्रामीण सड़क पर वाहन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया गया.
इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली गयी, जिसमें 70 लीटर देशी शराब बरामद हुई. मौके से दरवेश बिगहा गांव निवासी विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने शराब, बाइक तथा अन्य आवश्यक साक्ष्यों को जब्त कर लिया.
उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है. ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
