इमामगंज. इमामगंज थाना क्षेत्र के रानीगंज वंशी रोड में स्थित साक्षी नर्सिंग होम के ग्रामीण चिकित्सक पंकज कुमार को पुलिस ने क्लिनिक से ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस संबंध में अपर थानाध्यक्ष रास बिहारी प्रसाद ने बताया कि पूर्व में इसके ऊपर ऑपरेशन के दौरान मरीज की मौत होने पर पीड़ित परिजनों ने थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. इसी मामले को लेकर डॉ पंकज कुमार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेशी करते हुए जेल भेज दिया गया है. विदित हो कि क्षेत्र में बगैर निबंधन के दर्जनों अवैध नर्सिंग होम संचालित किये जा रहे हैं. इसमें क्षेत्र के भोले भाले ग्रामीणों को प्रलोभन देकर बड़े-बड़े ऑपरेशन धड़ल्ले से किये जा रहे हैं. चिकित्सकों के पास कोई डिग्री व अनुभव नहीं होने के कारण गलत तरीके से ऑपरेशन कर दिया जाता है. इसमें क्षेत्र के विभिन्न नर्सिंग होम में अक्सर ग्रामीणों को जान गंवानी पड़ती है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
