सात उम्मीदवारों का नाॅमिनेशन रद्द, अब चुनाव मैदान में बचे 15 प्रत्याशी
According to the program pre-determined by the Election Commission, the nomination papers filed by 22 candidates from Gaya Lok Sabha constituency were scrutinized by District Electoral Officer cum DM Dr. Thiagarajan in the presence of Supervisor cum IAS Yashwant V Garkar in the auditorium of the Collectorate on Saturday.
गया.
चुनाव आयोग के द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को समाहरणालय के सभागार में पर्यवेक्षक सह आइएएस यशवंत वी गरकर की मौजूदगी में जिला निर्वाची पदाधिकारी सह डीएम डॉ त्यागराजन के द्वारा गया लोकसभा क्षेत्र से 22 प्रत्याशियों के द्वारा दाखिल किये गये नामांकन पत्रों की जांच हुई. इस दौरान सात प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों में त्रुटि रहने के कारण रद्द किया गया. नामांकन पत्र में त्रुटि से संबंधित सूचना संबंधित अभ्यर्थियों को पूर्व में ही दी गयी थी और त्रुटि का निराकरण के लिए शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे के पहले तक का ही समय दिया गया था. लेकिन, इन सात प्रत्याशियों द्वारा त्रुटि का निराकरण से संबंधित कागजात उपलब्ध नहीं कराये गये थे. जिला निर्वाची पदाधिकारी सह डीएम ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया है कि जागरूक जनता पार्टी की ओर से नामांकन करनेवाले वजीरगंज के पुनावा गांव के रहनेवाले कमलेश कुमार पासवान, मूल निवास समाज पार्टी की ओर से नामांकन करनेवाले फतेहपुर के नौडीहा गांव के महेंद्र मांझी, आम जनता पार्टी राष्ट्रीय की ओर से नामांकन करनेवाले शाहमीर तकिया-दुर्गा स्थान मुहल्ले के रहनेवाले संतोष कुमार, किसान संघर्ष समिति की ओर से नामांकन करनेवाले खिजरसराय के केनी गांव के रहनेवाले दीपू कुमार चौधरी, संख्यानुपाति भागीदारी पार्टी की ओर से नामांकन करनेवाले फतेहपुर के जम्हेता गांव के रहनेवाले सुदेश्वर पासवान, राइट टू रिकॉल पार्टी की ओर से नामांकन करनेवाले चंदौती के कुजापी गांव के रहनेवाले योगेंद्र कुमार और निर्दलीय नामांकन करनेवाले वजीरगंज इलाके के रहनेवाले चंदन कुमार के नामांकन पत्रों में त्रुटि रहने के कारण नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया है. नामांकन करनेवाले 22 प्रत्याशियों में से सात प्रत्याशियों का नामांकन पत्र रद्द हो जाने के कारण अब गया लोकसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में 15 प्रत्याशी बचे हैं. अब दो अप्रैल तक नामांकन वापसी लेने की तिथि है.