गयाजी से हरिबंश कुमार की रिपोर्ट:
NEET UG Re-exam 2026: गयाजी जिले में 13 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 21 जून को नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी. परीक्षा के सफल और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर डीएम शशांक शुभंकर और एसएसपी सुशील कुमार की अध्यक्षता में एक संयुक्त समीक्षा बैठक की गई. इस बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों को अभ्यर्थियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने, उत्कृष्ट भीड़ प्रबंधन, सुचारू यातायात व्यवस्था और सुदृढ़ विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया.
कई स्तरों पर की जा चुकी है समीक्षा
बैठक के दौरान राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई. साथ ही सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया. डीएम ने बताया कि परीक्षा की तैयारियों की कई स्तरों पर समीक्षा की जा चुकी है और उच्च स्तर से इसकी लगातार निगरानी की जा रही है.
भीषण गर्मी को देखते हुए केंद्रों पर विशेष इंतजाम
भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए शुद्ध पेयजल, वेटिंग एरिया और मेडिकल सहायता की व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही अभिभावकों के लिए परीक्षा केंद्रों से 100 मीटर दूर छायादार स्थल तैयार करने का निर्देश दिया गया है. सभी केंद्रों पर एंबुलेंस, ओआरएस और आवश्यक दवाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहेंगी. डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पूर्णतः कदाचारमुक्त, पारदर्शी और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरा प्रशासनिक तंत्र प्रतिबद्ध है. किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनियमितता पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
परीक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बंद रहेंगी कोचिंग और फोटोकॉपी दुकानें
डीएम ने कहा कि नीट देश की अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित परीक्षा है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. गया जिले में परीक्षा के लिए कुल 13 केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा के दिन जिले के सभी कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे और उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी. इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास की फोटोकॉपी दुकानें भी पूरी तरह से बंद रखी जाएंगी. सोशल मीडिया की 24 घंटे निगरानी की जाएगी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी.
एसडीओ और पुलिस पदाधिकारियों को लगातार मूवमेंट का निर्देश
डीएम और एसएसपी ने एसडीओ एवं पुलिस पदाधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर व्यवस्था की निगरानी की जाए. परीक्षा की गरिमा और सुचिता बनाए रखने के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाना बेहद जरूरी है.
परीक्षार्थियों को बसों में मिलेगी फ्री यात्रा सुविधा
बैठक में जानकारी दी गई कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार नीट परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों को बीएसआरटीसी (BSRTC) बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा दी जाएगी. रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से परीक्षा केंद्रों तक परीक्षार्थियों को पहुंचाने के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की जाएगी. जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि सभी परीक्षार्थी समय पर अपने-अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें.
परीक्षा के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे रहेगा सक्रिय
डीएम ने एडीएम (विधि-व्यवस्था) और सिटी एसपी को परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक संख्या में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. परीक्षा के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय मोड में रहेगा. किसी भी संदिग्ध गतिविधि या शिकायत की जानकारी नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 0631-2222253 पर दी जा सकती है.
Also Read: JEE Advanced टॉपर शुभम कुमार के घर पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, मिठाई खिलाकर दी बधाई
