Gaya ji News : गया जी नगर निगम क्षेत्र में मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत बुडको द्वारा कराए जा रहे सड़क और नाली निर्माण कार्यों पर सवाल उठने लगे हैं. कई वार्डों में सड़क से ऊंची नालियां बनाए जाने के कारण लोगों के घरों में बारिश और नाले का पानी घुसने का खतरा पैदा हो गया है. पार्षदों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है.
सड़क से ऊंची नालियां बनीं परेशानी का कारण
शहर के कई इलाकों में नालियां सड़क से ऊंची बना दी गई हैं. ऐसे में यदि सड़क की ढलाई उसी स्तर तक की जाती है तो आसपास के मकान नीचे हो जाएंगे और बारिश का पानी सीधे घरों में पहुंचने लगेगा. इस मुद्दे को लेकर हाल ही में नगर निगम बोर्ड की बैठक में पार्षदों ने जमकर हंगामा भी किया था.
पार्षदों ने गुणवत्ता पर उठाए सवाल
वार्ड चार की पार्षद अनुपमा कुमारी ने बताया कि बालाजी नगर में सड़क से ऊंची नाली बना दी गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि योजना को जल्द पूरा करने की जल्दबाजी में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की अनदेखी की जा रही है. नालियों के पानी की निकासी का सही मिलान भी नहीं किया गया है.
वहीं, वार्ड पार्षद एवं सशक्त स्थायी समिति सदस्य सारिका वर्मा ने कहा कि न्यू एरिया की एक गली में भी सड़क से ऊंची नाली बनाई गई है. यदि सड़क उसी स्तर पर बनी तो लोगों के घर नीचे हो जाएंगे और जलजमाव की समस्या बढ़ जाएगी. इसकी शिकायत बुडको के अधिकारियों से की गई है.
हाईकोर्ट के निर्देशों की अनदेखी का आरोप
शहर में सड़क निर्माण को लेकर हाईकोर्ट के निर्देशों के पालन पर भी सवाल उठ रहे हैं. आरोप है कि पहले से बनी सड़क को खोदकर नया निर्माण करने के बजाय उसके ऊपर ही ढलाई की जा रही है. इससे कई मकान सड़क के मुकाबले नीचे चले गए हैं और लोगों को अपने घरों की ऊंचाई बढ़ाने के लिए अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है. इस संबंध में बुडको के इंजीनियर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी.
समन्वय से ही संभव होगा बेहतर विकास : मेयर
मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने कहा कि नगर निगम और बुडको के बीच बेहतर समन्वय के साथ ही योजनाओं का सही क्रियान्वयन संभव है. उन्होंने कहा कि केवल योजनाओं को जल्द पूरा करने के बजाय गुणवत्ता और जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए. बोर्ड की बैठक में मिली शिकायतों के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं. कई स्थानों पर योजना पूरी करने के नाम पर स्थिति और खराब हो गई है.
