बेलागंज विधायक के बेटे रॉकी यादव को माओवादियों ने दी धमकी, 5% लेवी नहीं तो 'फौजी हमला', इस राज्य से आया फोन

Belaganj MLA son Rocky Yadav : बिहार के गया में बेलागंज विधायक के बेटे को माओवादियों ने 5% लेवी मांगी है. लेवी न देने पर फौजी हमले की धमकी दी गई है. धमकी का तार अरुणाचल प्रदेश से जुड़ा है, जहां जांच के लिए स्पेशल टीम भेजी जाएगी.

गया जी से रौशन की रिपोर्ट

Belaganj MLA son Rocky Yadav : बिहार के गया जी जिले में बेलागंज विधायक के बेटे रॉकी यादव उर्फ राकेश रंजन से भाकपा-माओवादी संगठन द्वारा 5 प्रतिशत लेवी (रंगदारी) मांगने का मामला सामने आया है. लेवी नहीं देने पर जान-माल की क्षति और फौजी हमले की धमकी दी गई है. पुलिस के वरीय अधिकारियों ने इस मामले को काफी गंभीरता से लिया है. गया जी पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन तेज कर दी है.

एसएसपी ने गठित की विशेष पुलिस टीम

धमकी और लेवी मांगने के मामले में रॉकी यादव की शिकायत पर रामपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. एसएसपी सुशील कुमार ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिटी एसपी अभिनव के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है. इस कांड के अनुसंधान का जिम्मा सब इंस्पेक्टर अजय कुमार को सौंपा गया है. पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है.

अरुणाचल प्रदेश से जुड़ा धमकी देने वाले नंबर का तार

विशेष टीम द्वारा की गई शुरुआती जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है. जिस मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप पर धमकी भरा पत्र भेजा गया था, उसका लोकेशन और कॉल डिटेल अरुणाचल प्रदेश का निकला है. माओवादियों की मध्य जोनल कमेटी के लेटर हेड पर यह धमकी भेजी गई थी. मामला दूसरे राज्य से जुड़ा होने के कारण गया पुलिस की विशेष टीम अब अरुणाचल प्रदेश जाने की तैयारी कर रही है.

तीन दिनों से आ रही थी संदिग्ध व्हाट्सएप कॉल

प्राथमिकी के अनुसार, रॉकी यादव के परिवार की 'रमिया कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड' नाम से कंपनी है, जिसके मुख्य निदेशक उनके भाई विनीत यादव उर्फ जैकी यादव हैं. रॉकी यादव के मोबाइल पर लगातार तीन दिनों तक एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आ रही थी, जिसका टाइटल 'भाकपा-माओवादी' था. फोन न उठाने पर 19 जुलाई की शाम व्हाट्सएप पर माओवादी लेटर हेड पर धमकी भरा पत्र भेजा गया.

एनएच निर्माण कार्य रोकने और फौजी हमले की धमकी

माओवादियों ने अपनी चिट्ठी में कंपनी द्वारा कराए जा रहे भारत सरकार के विकास कार्य को तुरंत रोकने का निर्देश दिया है. यह कंपनी एनएच विभाग के तहत चतरा-बाइपास का निर्माण कार्य करा रही है. पत्र में 5 फीसदी लेवी की मांग की गई है और लेवी न देने पर फौजी हमला करने तथा कंपनी को भारी नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी गई है. पूर्व में भी कंपनी के कर्मचारियों पर नक्सली हमले हो चुके हैं.

एसएसपी का बयान: जल्द होगा मामले का खुलासा

गया एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि धमकी देने में इस्तेमाल हुआ नंबर अरुणाचल प्रदेश का पाया गया है. पुलिस की विशेष टीम जल्द ही अरुणाचल प्रदेश के लिए रवाना होगी. हालांकि, वहां जाने से पहले स्थानीय स्तर पर कुछ अहम बिंदुओं पर छानबीन पूरी की जा रही है. एसएसपी ने दावा किया है कि बहुत जल्द इस पूरे मामले की सच्चाई सामने ला दी जाएगी.

Also Read : गया जी में CBN की छापेमारी, नकली दवाओं का जखीरा बरामद, डायरी खोलेगी डॉक्टरों के राज ?


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sakshi Kumari

साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >