डोभी में बकरी को बचाने के प्रयास में करंट की चपेट में आए व्यक्ति की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Gaya Ji News : डोभी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 41 वर्षीय योगेंद्र यादव की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई. यह हादसा तब हुआ जब वे अपनी बकरी को लोहे की गुमटी से बचाने का प्रयास कर रहे थे.

Gaya Ji News : डोभी थाना क्षेत्र के वकीलगंज निवासी 41 वर्षीय योगेंद्र यादव की गुरुवार को करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा डोभी के निगरी मोड़ के समीप उस समय हुआ, जब वह करंट की चपेट में आई अपनी बकरी को बचाने का प्रयास कर रहे थे. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

करंट की चपेट में आई बकरी को बचाने गए थे योगेंद्र

प्राप्त जानकारी के अनुसार, योगेंद्र यादव की बकरी एक लोहे की गुमटी से सट गई थी, जिसमें बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा था. बकरी को बचाने के लिए जैसे ही योगेंद्र गुमटी के पास पहुंचे और उसे करंट से मुक्त करने का प्रयास किया, वे स्वयं करंट की चपेट में आ गए. स्थानीय लोगों के अनुसार, करंट का प्रवाह इतना तेज था कि योगेंद्र गुमटी से चिपक गए. ग्रामीणों ने बांस के सहारे बिजली के तार को हटाने का प्रयास किया, जिसके बाद करंट का प्रभाव कम हुआ. हालांकि तेज झटके के कारण योगेंद्र पास के गड्ढे में जा गिरे.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने उन्हें डोभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया.

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से ओवरहेड बिजली के तारों तथा लोहे की गुमटियों के आसपास समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में भी इस तरह की दर्दनाक घटनाएं हो सकती हैं.

Also Read : बोधगया फोरलेन हादसे में बड़ा खुलासा, ट्रक की रॉन्ग साइड एंट्री बनी चार युवकों की मौत की वजह



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Yuvraj Ratan

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >