UGC NET Result : राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित यूजीसी-नेट परीक्षा में मगध विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातकोत्तर विभागों के छात्र-छात्राओं ने अपनी मेधा का शानदार प्रदर्शन किया है. असिस्टेंट प्रोफेसर पद की अर्हता हासिल कर इन विद्यार्थियों ने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि विश्वविद्यालय का नाम भी रोशन किया है.
भूगोल और अर्थशास्त्र विभाग के छात्रों का शानदार प्रदर्शन
इस परीक्षा में भूगोल विभाग के गौरव कुमार व मानसी पुष्कर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जेआरएफ क्वालीफाई किया है.
वहीं, अर्थशास्त्र विभाग की अदिति राज ने लगातार छठी बार नेट उत्तीर्ण कर एक अनूठी मिसाल कायम की है, जबकि इसी विभाग से रवि रंजन कुमार ने भी सफलता प्राप्त की है.
हिंदी विभाग के विद्यार्थियों का दिखा जबरदस्त दबदबा
हिंदी विभाग के विद्यार्थियों का भी जबरदस्त दबदबा देखने को मिला. यहां से दीपक कुमार शर्मा, राजीव रंजन, रीना कुमारी, साकेत बिहारी, वीरेंद्र कुमार, शुभा कुमारी, मृणालिनी कुमारी, सोमा कुमारी, महिमा कुमारी और स्वीटी कुमारी ने परीक्षा पास की है.
इनके अलावा भूगोल विभाग से बिरेंद्र कुमार, विक्कू कुमार, विक्रम कुमार और मुस्कान खातून, राजनीति विज्ञान से छोटू प्रसाद यादव तथा शिक्षा शास्त्र से प्रभात कुमार ने भी सफलता का परचम लहराया है.
कुलपति और कुलसचिव ने छात्रों को दी बधाई
विश्वविद्यालय के छात्रों की इस शानदार उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कुलपति प्रो दिलीप कुमार केसरी ने सभी को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की असली पहचान उसके विद्यार्थियों की अकादमिक सफलता से होती है.
यह परिणाम छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विवि के सकारात्मक शैक्षणिक माहौल का नतीजा है.
शिक्षकों ने उज्ज्वल भविष्य की जताई उम्मीद
कुलसचिव प्रो विनोद कुमार मंगलम ने भी इसे विवि परिवार के लिए गर्व का क्षण बताते हुए छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
Also Read : सीयूएसबी की प्रियंका कुमारी ने दक्षिण कोरिया में बढ़ाया मान, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में पेश किया शोधपत्र
विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए अन्य विद्यार्थियों से भी प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने की अपील की है.
