Magadh University BEd Result 2024-26 : मगध विश्वविद्यालय के बीएड सत्र 2024–26 के द्वितीय वर्ष के परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा निर्धारित समय पर रिजल्ट जारी नहीं किए जाने से नाराज छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को मगध विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के समक्ष प्रदर्शन कर धरना दे दिया.
छात्रों का कहना था कि 17 अगस्त को विश्वविद्यालय के कुलपति एवं परीक्षा नियंत्रक द्वारा 20 अगस्त तक रिजल्ट प्रकाशित करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 20 अगस्त गुजर जाने के बाद भी रिजल्ट जारी नहीं किया गया.
धरने के दौरान छात्रों की मुख्य मांगें
21 अगस्त तक परिणाम प्रकाशित नहीं होने पर छात्रों ने मजबूर होकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ धरना शुरू किया. धरने के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल परिणाम जारी करने की मांग करते हुए कहा कि रिजल्ट में अनावश्यक देरी के कारण सैकड़ों विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है.
बीएड की पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्र आगे की शैक्षणिक एवं रोजगार संबंधी प्रक्रिया में शामिल होने से वंचित हो रहे हैं.
कुलपति का लिखित आश्वासन और धरना स्थगन
धरने के बाद शाम को मगध विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव एवं डीएसडब्ल्यू ने धरना स्थल पर पहुंचकर छात्रों से वार्ता की. विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रों को आश्वासन दिया गया कि 22 अगस्त की रात तक किसी भी परिस्थिति में बीएड सत्र 2024–26 द्वितीय वर्ष का रिजल्ट ऑनलाइन जारी कर दिया जाएगा.
कुलपति द्वारा छात्रों को इस संबंध में लिखित आश्वासन भी दिया गया, जिसके बाद छात्रों ने सर्वसम्मति से 22 अगस्त तक अपना धरना स्थगित करने का निर्णय लिया.
रिजल्ट न मिलने पर 23 अगस्त से आमरण अनशन की चेतावनी
छात्र नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि 22 अगस्त की रात तक बीएड सत्र 2024–26 द्वितीय वर्ष का परीक्षा परिणाम जारी नहीं किया गया, तो 23 अगस्त से छात्र पुनः आंदोलन को तेज करते हुए आमरण अनशन शुरू करेंगे.
छात्रों ने कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि विश्वविद्यालय प्रशासन को अपने वादे को धरातल पर उतारना होगा. मौके पर छात्रों का नेतृत्व कर रहे इंकलाबी छात्र संगठन के संयोजक दीपक कुमार दांगी ने कहा कि छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के आश्वासन और कुलपति के लिखित वचन पर भरोसा करते हुए फिलहाल धरना स्थगित किया है.
मौजूद प्रमुख छात्र नेता और गणमान्य
संरक्षक कमलेश यादव और छात्र नेता इंदल कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इस अवसर पर छात्र जदयू अध्यक्ष उत्तम कुशवाहा, छात्र राजद अध्यक्ष संतोष यादव, एनएसयूआइ अध्यक्ष संतोष कुमार सोनू, छात्र नेता इंदल कुमार, सनोज कुमार मांझी, राजीव पाल सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
