गया. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव गुरुवार की सुबह परिवार के साथ विष्णुपद मंदिर पहुंचे. यहां पहुंचने पर मंदिर प्रबंधन कमेटी के सदस्य मणिलाल बारिक, छोटू बारिक व कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र देकर उनका स्वागत किया. इसके बाद सीएम मोहन यादव विष्णुपद मंदिर में प्रवीण पाठक के निर्देशन में भगवान श्रीविष्णु चरण व अन्य देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना व तुलसी-अर्चना की. पूजा की समाप्ति के बाद आमंत्रण पर सीएम मोहन यादव विष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति कार्यालय पहुंचे जहां उन्हें भगवान श्री विष्णु चरण चिह्न देकर सम्मानित किया गया. सम्मानित करने वालों में समिति के मणिलाल बारिक, छोटू बारिक, शिवम गुर्दा, मनोज कुमार सहित समिति के सदस्यों के अलावा गयापाल पंडा समाज के लोग भी शामिल थे. सीएम श्री यादव यहां से मां मंगला गौरी मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने मंदिर के पुजारी प्रमोद गिरि के निर्देशन में मां मंगलागौरी की पूजा-अर्चना की. पूजा के बाद मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शंकर कुमार, पिंटू कुमार, अमरनाथ गिरि व अन्य सदस्यों ने उन्हें अंग वस्त्र देकर स्वागत किया. यहां से मुख्यमंत्री परिवार के साथ बोधगया के लिए रवाना हो गये.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
