Gaya Ji News : बोधगया स्थित प्राचीन श्रीजगन्नाथ मंदिर परिसर से गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी. इस दौरान भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा रथों पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे. रथयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में भक्त भगवान के रथ को खींचने के लिए तैयार हैं.
इन मार्गों से होकर गुजरेगी रथयात्रा
रथयात्रा श्रीजगन्नाथ मंदिर परिसर से शुरू होकर नोड-1, महाबोधि मंदिर क्षेत्र और राजापुर मोड़ होते हुए बोधगया मठ पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा. यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रथयात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है. बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पूरे मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. साथ ही असामाजिक तत्वों और किसी भी तरह की गड़बड़ी फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी.
यातायात और बिजली व्यवस्था रहेगी प्रभावित
रथयात्रा के दौरान बोधगया के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है. इसके अलावा सुरक्षा और व्यवस्थागत कारणों से कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी आंशिक रूप से प्रभावित रहने की संभावना है. प्रशासन ने लोगों से सहयोग करने और आवश्यक होने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है.
श्रद्धालुओं में दिख रहा उत्साह
भगवान श्रीजगन्नाथ की रथयात्रा को लेकर बोधगया में धार्मिक माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. मंदिर समिति और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति एवं अनुशासन बनाए रखते हुए रथयात्रा में भाग लेने की अपील की है.
Also Read : शेखपुरा रहा बिहार का सबसे गर्म जिला, 37.7°C तापमान के बाद बारिश से मिली राहत
