Gayaji News : गयाजी के डुमरिया प्रखंड के महुड़ी पंचायत में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमृत सरोवर सुरसा जंगल परिसर में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में सम्मान और समानता की अनूठी मिसाल देखने को मिली. पंचायत की मुखिया निर्मला देवी के प्रतिनिधि रामकुमार वर्मा ने जंगल में मवेशी चरा रहे मजदूर-किसान जनेश्वर भारती को सम्मानपूर्वक समारोह में बुलाया और उनके हाथों राष्ट्रीय ध्वज फहरवाया.
अचानक मिला सम्मान तो चेहरे पर छायी खुशी
ध्वजारोहण की तैयारी के दौरान मुखिया प्रतिनिधि की नजर जनेश्वर भारती पर पड़ी. वह जंगल में मवेशी चरा रहे थे. रामकुमार वर्मा ने उन्हें सम्मान के साथ अमृत सरोवर परिसर में बुलाया और तिरंगा फहराने का अवसर दिया. अचानक मिले इस सम्मान से जनेश्वर भारती के चेहरे पर खुशी और मुस्कान साफ नजर आयी. समारोह में मौजूद लोगों ने भी इस भावुक और प्रेरणादायक पहल की सराहना की.
मुखिया ने अपने हाथों से खिलायी जलेबी
ध्वजारोहण के बाद मुखिया निर्मला देवी ने जनेश्वर भारती को अपने हाथों से जलेबी खिलाकर सम्मानित किया. इस दौरान मौजूद लोगों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का संदेश तभी सार्थक होगा, जब समाज के हर वर्ग को सम्मान और बराबरी का अवसर मिले. समारोह में मजदूर-किसान को सम्मान देकर ध्वजारोहण कराना इसी भावना को मजबूत करता है.
ग्रामीणों ने पहल की सराहना की
कार्यक्रम में उपमुखिया बाबलू पासवान, आशीष डांगी, सुभाष कुमार, अमरेंद्र कुमार, मृत्युंजय दिलार, वार्ड सदस्य अनीता देवी, सतेंद्र पासवान, महेंद्र मालाकार, ओमप्रकाश राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे. उपस्थित ग्रामीणों ने जनेश्वर भारती को ध्वजारोहण का अवसर दिए जाने की पहल को स्वतंत्रता दिवस के मूल संदेश से जोड़ते हुए इसकी सराहना की.
