गया जी : जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र में अचानक तबीयत बिगड़ने से 45 वर्षीय बैजू ठाकुर का निधन हो गया. इस असामयिक मौत से पिरवां गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना और आर्थिक सहायता प्रदान की है.
मजदूरी कर परिवार का करते थे भरण-पोषण
गुरुआ थाना क्षेत्र के रघुनाथ खाप पंचायत अंतर्गत पिरवां गांव निवासी बैजू ठाकुर मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का खर्च चलाते थे. परिजनों के अनुसार उनकी अचानक तबीयत खराब हुई और देखते ही देखते उनकी मौत हो गई. घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य के निधन से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
जनप्रतिनिधियों ने बंधाया परिजनों को ढांढस
घटना की दुखद सूचना मिलते ही रघुनाथ खाप पंचायत के मुखिया अजहर आलम, पंचायत समिति सदस्य अजय दास और सरपंच अनुज कुमार मृतक के घर पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें इस कठिन समय में ढांढस बंधाया. सभी जनप्रतिनिधि मृतक के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए और उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
हरसंभव सहायता का दिया गया भरोसा
सांत्वना देने के साथ ही जनप्रतिनिधियों ने अपने स्तर से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया. उन्होंने भविष्य में भी परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का पूरा भरोसा दिलाया है. वहीं ग्रामीणों ने भी बैजू ठाकुर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिवार को हिम्मत से काम लेने की बात कही है.
Also Read : गया जी एयरपोर्ट से 25 अक्टूबर से शुरू होंगी इंटरनेशनल उड़ानें, इंडिगो की बैंकॉक फ्लाइट का शेड्यूल जारी
