गया जी के शेरघाटी में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया जा रहा है. सुबह से लेकर मध्य रात्रि तक विभिन्न मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही. जैसे-जैसे जन्म का समय नजदीक आया, मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गए.
फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाए गए शहर के प्रमुख मंदिर
शहर के एक शिवालय, तीन शिवालय, गायत्री मंदिर, देवी मंदिर, राम मंदिर और ठाकुरबाड़ी सहित अन्य मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी व फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था. श्रीकृष्ण और राधा की प्रतिमाओं का सोलह श्रृंगार किया गया.
भजन और संगीतमय झांकियों पर झूमते दिखे श्रद्धालु
मंदिरों में रासलीला, भजन और संगीतमय झांकियों का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए.
तीन शिवालय मंदिर में प्रस्तुत की गई मनमोहक जीवन लीलाएं
तीन शिवालय पूजा समिति की ओर से प्रसिद्ध तीन शिवालय मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की जीवन लीलाओं को मनमोहक अंदाज में प्रस्तुत किया गया. कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. दूसरे प्रदेशों से आए कारीगरों द्वारा तैयार देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं.
बाल स्वरूप श्रीकृष्ण को झूला झुलाने के लिए उमड़े भक्त
बाल स्वरूप श्रीकृष्ण और राधा के साथ सेल्फी लेने तथा उन्हें झूला झुलाने के लिए भक्तों में उत्साह देखा गया. मंदिर परिसर में गूंजते ‘हरे कृष्ण, हरे कृष्ण’ के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा.
