गया जी के गांधी मैदान में मगध इंटरनेशनल ग्रैंड ट्रेड फेयर 2026 का आयोजन किया जा रहा है. मेला के संयोजक राजेश कुमार ने बताया कि इस बार यह पूरा मेला वातानुकूलित होगा. इस ट्रेड फेयर में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के लगभग 100 उद्यमी भाग ले रहे हैं.
मेले का उद्घाटन दो अगस्त को मुख्य अतिथि भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय विभाग के मंत्री जीतन राम मांझी करेंगे.
उद्घाटन समारोह में गया जी के एलाइड इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक डॉ. सुजीत कुमार सिन्हा के साथ-साथ शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे. यह मेला 16 अगस्त तक प्रतिदिन शाम तीन बजे से रात 10 बजे तक संचालित रहेगा.
28 राज्यों के हस्तकला उत्पादों के लगेंगे 150 स्टॉल
क्राफ्ट्स इंडिया के निदेशक संजीव कुमार गोडाकिया और रोहित चौरसिया ने बताया कि मेले में देश के 28 राज्यों के हस्तकला निर्मित उत्पादों के 150 स्टॉल लगाए जा रहे हैं.
इस मेले का मुख्य आकर्षण महिलाओं के लिए बनारसी साड़ी, लखनवी चिकन, गुजरात का बंधेज सूट एवं साड़ी, पंजाबी जूती, कश्मीरी शॉल और ड्रेस मटेरियल, खेखरा बेडशीट, कश्मीरी ड्राई फ्रूट्स, बंगाल की जामदानी साड़ी, पिलखुवा बेडशीट, बेंगलुरु का चन्नपटनम खिलौना, राजकोट की आर्टिफिशियल ज्वेलरी, भागलपुरी सिल्क की साड़ी, डल चादर एवं लेनिन, अप्लिक वर्क की साड़ी, भदोही का कारपेट, सहारनपुर का फर्नीचर.
उत्तराखंड का खादी वस्त्र, झारखंड खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड का खादी वस्त्र, कानपुर की लेदर चप्पलें एवं बैग, राजस्थानी जूती, टेराकोटा, क्रॉकरी, भदोही का कारपेट और इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्ट्स, हेल्थ के प्रोडक्ट्स भी आपको एक ही छत के नीचे देखने और खरीदने का मौका मिलेगा.
फूड स्टॉल और बच्चों की प्रतिभा के लिए मंच
साथ ही खाने-पीने के फूड स्टॉल की व्यवस्था भी की गई है. विशेष कर बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए एक आकर्षक मंच बनाया गया है.
मंच पर बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे. यह रंगारंग मंच रौशन राज के संचालन में प्रतिदिन आयोजित होगी.
मेले का मुख्य उद्देश्य
बताया गया कि इस मेले का मुख्य उद्देश्य लघु व कुटीर उद्योग के उत्पादों को बड़े उद्योग के साथ संरक्षण एवं संवर्धन करना है.
Also Read : डीडीयू रेल मंडल में ट्रैफिक विभाग के 44 रेलकर्मियों का तबादला, गया जंक्शन के कई अधिकारी भी बदले
