गया जी: जेवर चोरीकांड का खुलासा, मामा के बेटे ने दोस्तों के साथ मिलकर की थी चोरी, तीन नाबालिग समेत दो दुकानदार हिरासत में

मानपुर में स्वास्थ्य कर्मी के घर हुई नौ लाख की चोरी का खुलासा, तीन नाबालिग और दो आभूषण दुकानदारों को पुलिस ने किया गिरफ्तार.

Gaya ji News : गया के मानपुर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिद्धार्थपुरी मोहल्ले में स्वास्थ्य विभाग की कर्मी के घर हुई करीब नौ लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने तीन नाबालिग किशोरों को हिरासत में लेने के बाद उनकी निशानदेही पर दो आभूषण कारोबारियों को भी पकड़ा है. जांच में सामने आया है कि चोरी के जेवर खरीदकर उन्हें गलाकर उनका स्वरूप बदल दिया गया था.

मामा के बेटे ने दोस्तों के साथ मिलकर की चोरी

पुलिस के अनुसार, वजीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लिपिक के पद पर कार्यरत पूजा उर्फ सुभद्रशना अपने पति विकास कुमार, जो मुंबई में आर्किटेक्ट इंजीनियर हैं, के पास कुछ दिनों के लिए गई थीं. उन्होंने घर के ऊपरी मंजिल में ताला लगाकर चाबी छिपा दी थी. आरोप है कि निचली मंजिल में रहने वाले रिश्ते के मामा के बेटे ने छिपी हुई चाबी खोज ली और अपने नाबालिग दोस्तों के साथ मिलकर घर से करीब नौ लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए. वारदात के बाद उन्होंने दोबारा ताला बंद कर चाबी उसी स्थान पर रख दी, ताकि किसी को शक न हो.

निशानदेही पर दो ज्वेलर्स भी पकड़े गए

पूछताछ के दौरान तीनों नाबालिगों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने जाकनपुर स्थित मधुमति आश्रम के समीप के आभूषण कारोबारी अजित कुमार वर्मा और सिद्धार्थपुरी रोड नंबर-1 निवासी ज्वेलर यशवंत सिंह को हिरासत में लिया. आरोप है कि दोनों ने चोरी के जेवर खरीदे थे.

सीसीटीवी में मिला चोरी के जेवर खरीदने का सबूत

मामले के जांच अधिकारी एएसआई कमल किशोर ने बताया कि यशवंत सिंह की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच में नाबालिगों से जेवर खरीदने और बाद में उन्हें भट्ठी में गलाकर स्वरूप बदलने के प्रमाण मिले हैं. पुलिस अब बरामदगी और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.

पांच जुलाई को दर्ज हुई थी प्राथमिकी

मानपुर मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत पर पांच जुलाई को प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले की जांच एएसआई कमल किशोर को सौंपी गई है. फिलहाल पुलिस तीन नाबालिगों और दो आभूषण कारोबारियों से पूछताछ कर रही है. चोरी के अधिकांश जेवर गलाए जाने की बात सामने आई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Rajeev Kumar

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >