Gaya Ji News : भगवान जगन्नाथ जी के 15 दिवसीय अनवसर (भगवान के अस्वस्थ रहने की लीला) के बाद बुधवार को इस्कॉन मंदिर में भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी ने भक्तों को नवयौवन वेश (नेत्रोत्सव) में दिव्य दर्शन दिए. इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया.
रथयात्रा को लेकर मंदिर परिसर में पूरी हुई तैयारी
इस्कॉन के अध्यक्ष जगदीश श्याम दास ने बताया कि 16 जुलाई को आयोजित होने वाली भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. रथयात्रा को लेकर पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा से सजाया गया है. उन्होंने बताया कि भगवान जगन्नाथ जी का रथ भी भव्य रूप से अलंकृत किया गया है. रथयात्रा के बाद आयोजित होने वाले सम्मान समारोह के लिए मंदिर परिसर में विशाल पंडाल का निर्माण कराया गया है, जहां अतिथियों का अभिनंदन किया जाएगा.
स्वयंसेवकों को किया जाएगा सम्मानित, महाप्रसाद की भी तैयारी पूरी
जगदीश श्याम दास ने बताया कि रथयात्रा की सफलता में योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया जाएगा. इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए आयोजित होने वाले महाप्रसाद भंडारे की तैयारी भी पूरी कर ली गई है. उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है.
इन मार्गों से गुजरेगी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
इस्कॉन मंदिर से निकलने वाली भगवान जगन्नाथ जी की रथयात्रा जयप्रकाश झरना, राय काशीनाथ मोड़, स्वराजपुरी रोड, टिकारी रोड, जीबी रोड, कचहरी रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी. रथयात्रा रात करीब 8 बजे वापस इस्कॉन मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान की विशेष आरती का आयोजन किया जाएगा. वहीं, गौड़ीय मठ से दोपहर 3 बजे रथयात्रा निकाली जाएगी, जो जीबी रोड स्थित गोलपत्थर हनुमान मंदिर के पास पहुंचेगी. यहां श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे.
यूक्रेन की युधेश्वरी राधा देवी दासी भी होंगी शामिल
इस्कॉन मंदिर के प्रबंधक जगदीश श्याम दास ने बताया कि इस वर्ष रथयात्रा में यूक्रेन से आई भगवान श्रीकृष्ण की भक्त युधेश्वरी राधा देवी दासी भी शामिल होंगी. उन्होंने बताया कि युधेश्वरी राधा देवी दासी रथयात्रा के दौरान ‘बारात ऑन व्हील्स’ झांकी में प्रस्तुति देने वाली बालिकाओं का मार्गदर्शन करेंगी.
Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त
