गया. सर्किट हाउस में बिहार सरकार के मंत्री डॉ प्रेम कुमार की अध्यक्षता में सेंट्रल बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित हुई, जिसमें चैंबर की ओर से डॉ कौशलेंद्र प्रताप, डॉ अनूप केडिया, अध्यक्ष विपेंद्र अग्रवाल, महासचिव सुनील कुमार, आलोक नंदन, गौतम बरनवाल, नगर निगम के आयुक्त कुमार अनुराग, अमित लोहानी, जितेंद्र कुमार, पप्पू चंद्रवंशी उपस्थित रहे. बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ प्रेम कुमार ने जानकारी दिया कि चैंबर के साथ पटना में नगर विकास मंत्री व विभाग के अन्य उच्च अधिकारियों के साथ हुई बैठकों में उठाये गये बिंदुओं के अनुरूप सड़कों के वर्गीकरण में अपेक्षित सुधार कर दिया गया है. इससे भवन करदाताओं को राहत मिली है. अब भवन कर की दरों पर पुनर्विचार की प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि कर की दरों में अपेक्षित कमी के संबंध में नगर निगम द्वारा प्रस्ताव शीघ्र नगर विकास विभाग को प्रेषित कर दिया जाये ताकि नागरिकों को समुचित राहत मिल सके. बैठक के दौरान ही मंत्री डॉ प्रेम कुमार ने सदस्यों को बताया कि चैंबर की मांग के अनुरूप शहर में सीसीटीवी व ट्रैफिक लाइट लगाने के प्रस्ताव को कैबिनेट द्वारा मंजूरी मिल चुकी है. इससे शहर की सुरक्षा व यातायात की समस्या से मुक्ति मिल सकेगी. चैंबर के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले कई वर्षों से चैंबर द्वारा सीसीटीवी एवं ट्रैफिक लाइट लगाने के लिए सरकार से मांग की जा रही थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
