बाबा ग्रुप और चावल कारोबारियों पर आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, झारखंड-बिहार में एक साथ छापेमारी

Income Tax Raid: बाबा ग्रुप और चावल कारोबार से जुड़े व्यापारियों पर आयकर विभाग की रांची जांच शाखा ने बड़ी कार्रवाई की है. झारखंड और बिहार में एक साथ हुई इस छापेमारी में 45 ठिकानों की तलाशी ली गई. करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच जारी है.

Income Tax Raid: आयकर विभाग ने बाबा ग्रुप और चावल के कारोबार से जुड़े व्यापारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. इस कार्रवाई के तहत झारखंड और बिहार में एक साथ छापेमारी की गई. आयकर विभाग की टीमों ने दोनों राज्यों में कुल 45 ठिकानों की तलाशी ली. मिली जानकारी के अनुसार, रांची में 15 जगहों पर छापेमारी हुई. बिहार के गया और औरंगाबाद में 10-10 ठिकानों पर आयकर अधिकारियों ने जांच की. इसके अलावा जमशेदपुर और पटना में भी बाबा ग्रुप और चावल व्यापार से जुड़े कई ठिकानों की तलाशी ली गई.

डॉक्यूमेंट हुआ बरामद

छापेमारी के दौरान चावल के कच्चे कारोबार से जुड़े करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन से जुड़े डॉक्यूमेंट बरामद किए गए हैं. आयकर विभाग के अधिकारी इन डाक्यूमेंट्स की बारीकी से जांच कर रहे हैं, ताकि टैक्स चोरी और काले धन से जुड़े मामलों की सच्चाई सामने आ सके.

इस अभियान के तहत बाबा एग्रो फूड और बाबा एग्रो फूड प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड के दफ्तरों के साथ-साथ रांची, गया और औरंगाबाद में चावल के करीब 15 आढ़तिया कारोबारियों के ठिकानों पर भी छापे मारे गए. यह कार्रवाई 29 जनवरी को एक साथ रांची, जमशेदपुर, पटना, औरंगाबाद और गया में शुरू की गई थी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

कुछ लोग हो गया फरार

आयकर विभाग की टीमें कारोबारियों से जुड़े चार्टर्ड अकाउंटेंट और अकाउंटेंट्स के ठिकानों पर भी पहुंचीं. बताया जा रहा है कि छापेमारी की सूचना मिलते ही कुछ अकाउंटेंट मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है. इस बड़े ऑपरेशन में करीब 500 आयकर अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे.

बाबा एग्रो फूड का सालाना कारोबार करीब 1500 करोड़ रुपये का बताया जा रहा है. बाबा एग्रो फूड प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड का सालाना टर्नओवर लगभग 300 करोड़ रुपये है और यह कंपनी शेयर बाजार में भी सूचीबद्ध है. आयकर विभाग अब जब्त दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रहा है.

इसे भी पढ़ें: नीतीश कैबिनेट का बड़ा फैसला, 27 लाख छात्रों को होगा सीधा फायदा, सरकार खर्च करेगी 519 करोड़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >