गया जी में मानव तस्करी के खिलाफ तीन दिवसीय जागरूकता अभियान शुरू, डीएम ने दिखाई हरी झंडी

विश्व मानव तस्करी के विरुद्ध दिवस पर गया में जन-जागरूकता अभियान शुरू हुआ है. डीएम शशांक शुभंकर ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया. यह रथ तीन दिनों तक संवेदनशील क्षेत्रों में मानव तस्करी व बंधुआ मजदूरी के जोखिमों, बचाव उपायों और अधिकारों की जानकारी देगा.

विश्व मानव तस्करी के विरुद्ध दिवस के अवसर पर गुरुवार को समाहरणालय परिसर से मानव तस्करी व बंधुआ मजदूरी के विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई. इस अवसर पर डीएम शशांक शुभंकर ने जन-जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

अभियान का आयोजन अदिति संस्था द्वारा किया गया, जो बिहार में मानव तस्करी, बाल श्रम एवं बंधुआ मजदूरी की रोकथाम, पीड़ितों के बचाव, संरक्षण, पुनर्वास तथा उनके अधिकारों की सुनिश्चितता के लिए लगातार कार्य कर रही है.

संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण करेगा रथ

जन-जागरूकता रथ आगामी तीन दिनों तक गया जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण करेगा.

इस दौरान आम नागरिकों, प्रवासी श्रमिकों, महिलाओं, युवाओं एवं अन्य समुदायों को मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी के कारणों, जोखिमों, बचाव के उपायों, सुरक्षित पलायन, कानूनी अधिकारों तथा उपलब्ध सहायता एवं शिकायत तंत्र की जानकारी दी जाएगी. साथ ही लोगों को अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर समय रहते प्रशासन एवं संबंधित विभागों को सूचना देने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा.

मानव गरिमा और मानवाधिकारों पर आघात

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अदिति संस्था के जिला कार्यक्रम प्रबंधक शत्रुधन दास ने कहा कि मानव तस्करी केवल एक अपराध नहीं, बल्कि मानव गरिमा और मानवाधिकारों पर सीधा आघात है.

इससे लड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम जन-जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता है. उन्होंने कहा कि जागरूकता रथ गांव-गांव पहुंचकर लोगों को झूठे रोजगार के प्रलोभन, संदिग्ध गतिविधियों और मानव तस्करी के खतरों के प्रति सतर्क करेगा तथा किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित करेगा.

जनसहभागिता और सामुदायिक सतर्कता जरूरी

कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन व अदिति संस्था के प्रतिनिधियों ने नागरिकों से मानव तस्करी एवं बंधुआ मजदूरी जैसी सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की.

उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामुदायिक सतर्कता के माध्यम से ही इन अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है तथा कमजोर एवं वंचित वर्गों के अधिकारों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है. उन्होंने सभी लोगों से एक सुरक्षित, जागरूक और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Haribansh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >