Gaya Ji News : यात्रियों की बढ़ती भीड़ और अतिरिक्त मांग को देखते हुए रेलवे ने हावड़ा-कानपुर सेंट्रल और आगरा कैंट-कोलकाता के बीच दो विशेष ट्रेनों के परिचालन का फैसला किया है. इन दोनों ट्रेनों का ठहराव गया जंक्शन मार्ग पर होने से गया और आसपास के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा.
21 जुलाई से शुरू हुई कानपुर सेंट्रल-हावड़ा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन
पूर्व मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि गाड़ी संख्या 04157/04158 कानपुर सेंट्रल-हावड़ा साप्ताहिक स्पेशल का परिचालन 21 जुलाई से शुरू हो गया है. यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को कानपुर सेंट्रल से रवाना होगी, जबकि हावड़ा से प्रत्येक बुधवार को चलेगी. 21 जुलाई से 30 सितंबर तक यह स्पेशल ट्रेन कुल 11 फेरे लगाएगी.
यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए पर्याप्त कोच
रेलवे के अनुसार, इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 24 कोच लगाए गए हैं. इनमें 2 एसएलआर/डी, 8 सामान्य श्रेणी, 9 स्लीपर, 4 एसी थर्ड और 1 एसी सेकेंड कोच शामिल हैं. इससे यात्रियों को पर्याप्त सीटें उपलब्ध हो सकेंगी.
23 जुलाई से चलेगी आगरा कैंट-कोलकाता स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने गाड़ी संख्या 01911/01912 आगरा कैंट-कोलकाता स्पेशल के संचालन की भी घोषणा की है. यह ट्रेन 23 जुलाई से प्रत्येक गुरुवार को आगरा कैंट से रवाना होगी और कानपुर सेंट्रल होते हुए कोलकाता पहुंचेगी. वापसी में यह ट्रेन 24 जुलाई से 25 सितंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को कोलकाता से चलेगी.
गया जंक्शन के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दोनों स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू होने से गया जंक्शन होकर यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी. खासकर उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के बीच यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त सीटों का लाभ मिलेगा और भीड़भाड़ के दौरान यात्रा करना आसान होगा.
त्योहारी और भीड़भाड़ के मौसम में मिलेगी राहत
रेलवे का मानना है कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी. अतिरिक्त ट्रेनों के चलने से नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव भी कम होगा और यात्रा अधिक सुविधाजनक बन सकेगी.
Also Read : शेरघाटी बस अड्डा बदहाली का शिकार, अतिक्रमण और गंदगी से यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
