Lightning Death : गया जी जिले के गुरुआ-दरियापुर मुख्य मार्ग में बेलौटी मोड़ के समीप सोमवार को हुई एक व्यक्ति की मौत के मामले में शव की पहचान हो गयी है. मृतक की पहचान चेरकी थाना क्षेत्र के बिरहुत गांव निवासी अमीर साव के रूप में हुई है. गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि शव की शिनाख्त कर ली गयी है.
श्राद्ध कार्यक्रम से लौटने के दौरान हुआ हादसा
इस संबंध में मृतक के पुत्र गणेश कुमार ने गुरुआ थाना में आवेदन देकर बताया कि उनके पिता लकड़ाही गांव में आयोजित श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गये थे.
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे घर लौट रहे थे. इसी दौरान गुरुआ-दरियापुर मार्ग में बेलौटी मोड़ के समीप अचानक वज्रपात गिरने से उनकी मौत हो गयी.
परिजनों में कोहराम और परिवार में मातम
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. मृतक के पुत्र ने पुलिस को आवेदन देकर मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
