गया जी के गुरुआ प्रखंड क्षेत्र के खेमचन बिगहा गांव में गुरुवार की सुबह गांव का प्रमुख आहर टूट गया है. इससे उस गांव में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
ईंट सोलिंग वाले रास्ते से हो रहा था आवागमन
खेमचन बिगहा गांव के ग्रामीण मनोज कुमार यादव, संजीत यादव, रमेश यादव, सुनील यादव, इंद्रदेव यादव, रोशन कुमार, मंटू कुमार, सनोज कुमार, रंजीत कुमार समेत कई लोगों ने बताया कि खेमचन बिगहा गांव में जाने के लिए आहर के पिंड पर लगी ईंट सोलिंग वाले रास्ते से आवागमन हो रहा था.
गुहार के बाद भी नहीं हुई मरम्मत
ग्रामीणों ने बताया कि इधर कई वर्षों से आहर का पिंड कमजोर हो गया था. इसकी मरम्मत के लिए स्थानीय प्रतिनिधियों से भी गुहार लगाई गई थी, लेकिन सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा था. अब आहर टूट जाने से उस गांव में पूरी तरह वाहनों का आवागमन बंद हो गया है.
स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी
आहर का पिंड टूटने से सबसे अधिक परेशानी विद्यालय जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को हो रही है. इसलिए जब तक आहर के पिंड का मरम्मत कार्य नहीं होगा, तब तक वहां वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा.
मजदूरों और छात्रों पर असर
इस स्थिति में उस गांव के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ दैनिक मजदूरों की स्थिति बिल्कुल चरमरा जाएगी.
