वजीरगंज से अमरेन्द्र कुमार की रिपोर्ट
Gayaji News: गया संसदीय क्षेत्र के वजीरगंज प्रखंड में राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों के बीच एक महत्वपूर्ण निर्णय सामने आया है. गया के सांसद जीतन राम मांझी ने जनसंपर्क और विकास कार्यों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से वजीरगंज निवासी सुनील कुमार मांझी को सांसद प्रतिनिधि नियुक्त किया है. इस घोषणा के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है.
जनता की समस्याएं सीधे सांसद तक पहुंचाएंगे
सांसद प्रतिनिधि के रूप में सुनील कुमार मांझी अब क्षेत्र की जनता और सांसद कार्यालय के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाएंगे. उनकी जिम्मेदारी क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और सांसद तक पहुंचाने, सरकारी योजनाओं की निगरानी करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों का समाधान कराने की होगी.
विकास कार्यों की निगरानी पर रहेगा विशेष फोकस
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सुनील कुमार मांझी क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत पर नजर रखेंगे. साथ ही आम लोगों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का भी प्रयास करेंगे ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर जरूरतमंदों तक पहुंच सके.
घोषणा के बाद बधाइयों का लगा तांता
मनोनयन की खबर सामने आते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सुनील कुमार मांझी को शुभकामनाएं दीं. लोगों का मानना है कि उनकी सक्रियता और क्षेत्रीय अनुभव वजीरगंज के विकास कार्यों को नई दिशा देने में मददगार साबित होगा. हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के कार्यकर्ताओं ने भी इस नियुक्ति का स्वागत किया है. पार्टी नेताओं का कहना है कि एक समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता को मिली यह जिम्मेदारी संगठन और क्षेत्र दोनों के लिए सकारात्मक साबित होगी.
इन नेताओं ने दी शुभकामनाएं
सुनील कुमार मांझी को बधाई देने वालों में हम पार्टी महिला प्रकोष्ठ की प्रखंड अध्यक्ष सावित्री कुमारी, मीडिया प्रभारी दयाल कुमार मांझी, रामबली मांझी तथा नरेश कुमार मांझी सहित कई कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि सांसद प्रतिनिधि के रूप में सुनील कुमार मांझी की नियुक्ति से क्षेत्र की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा. साथ ही विकास योजनाओं की निगरानी मजबूत होने से आम जनता को भी सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.
Also Read: गयाजी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, 28 अप्रैल को हुई थी शादी, जांच में जुटी पुलिस
