गयाजी से मुकेश पाण्डेय की रिपोर्ट
Gayaji News: गयाजी जिले के मोहड़ा प्रखंड अंतर्गत अतरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शादी के महज एक महीने बाद 18 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है.
शादी के एक महीने बाद दर्दनाक मौत
जानकारी के अनुसार अतरी थाना क्षेत्र के तेतर गांव टोला भागवत नगर निवासी सुरेंद्र विश्वकर्मा के पुत्र रोहित कुमार की पत्नी गीता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की उम्र करीब 18 वर्ष बताई जा रही है. गीता कुमारी बेलागंज थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव निवासी उदय लोहार की पुत्री थी. परिजनों के मुताबिक उसकी शादी 28 अप्रैल 2026 को हिंदू रीति-रिवाज के साथ धूमधाम से संपन्न हुई थी.
नवविवाहिता की मौत से दोनों परिवारों में मातम
शादी के बाद नए जीवन की शुरुआत करने वाली गीता की अचानक मौत की खबर मिलते ही मायके और ससुराल दोनों जगह कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
मौके पर पहुंचे डीएसपी
घटना की सूचना मिलते ही निमचक बथानी के डीएसपी सुरेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने मामले की जानकारी लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. डीएसपी ने बताया कि महिला की मौत हुई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा बड़ा खुलासा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. घटनास्थल पर अतरी थानाध्यक्ष अजय कुमार, गेहलौर थाना के सब-इंस्पेक्टर मनोज सिंह समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे. पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. फिलहाल नवविवाहिता की मौत रहस्य बनी हुई है.
