Gayaji News: (इमामगंज से निर्भय पांडेय की रिपोर्ट )
गयाजी के इमामगंज थाना क्षेत्र के बभंडीह गांव में चार दिनों से लापता एक वृद्ध महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान 70 वर्षीय कैलाश देवी के रूप में हुई है. शव घर के समीप स्थित एक पुराने मकान से बरामद किया गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
चार दिनों से लापता थीं कैलाश देवी
जानकारी के अनुसार, बभंडीह गांव निवासी जगन दास की पत्नी कैलाश देवी पिछले चार दिनों से घर से लापता थीं. परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पा रहा था. महिला के अचानक गायब होने से परिवार के लोग काफी चिंतित थे.
पुराने मकान से दुर्गंध आने पर हुआ खुलासा
गुरुवार को ग्रामीणों को घर के समीप स्थित एक पुराने मकान से तेज दुर्गंध महसूस हुई. संदेह होने पर जब लोग वहां पहुंचे तो अंदर कैलाश देवी का शव पड़ा मिला. शव काफी हद तक सड़-गल चुका था और उसकी स्थिति क्षत-विक्षत हो चुकी थी.
हार्ट अटैक से मौत की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, कैलाश देवी लंबे समय से कई बीमारियों से पीड़ित थीं. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई होगी. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही महिला थानाध्यक्ष भानु कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. चार दिनों बाद महिला का शव मिलने की घटना से पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है.
Also Read: बेलागंज पैक्स चुनाव के नतीजे घोषित, पांच पंचायतों को मिले नए अध्यक्ष, जानिए कहां किसने मारी बाजी
