इमामगंज से निर्भय पांडेय की रिपोर्ट
Gayaji News: बिहार के गयाजी जिले में सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वीडियो पोस्ट करना एक युवक को महंगा पड़ गया. दो छोटे हथियारों के साथ वायरल हुए वीडियो के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब युवक से पूछताछ कर रही है और बरामद हथियारों की जांच में जुटी हुई है.
हथियार के साथ वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस
इमामगंज थाना क्षेत्र के पैनी गांव निवासी मुकेश कुमार का दो हथियारों के साथ एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में वीडियो की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई तेज कर दी गई.
छापेमारी कर आरोपी को किया गिरफ्तार
वायरल वीडियो की सत्यता सामने आने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान आरोपी मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही हथियारों के स्रोत और उनके उपयोग को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है.
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग से बढ़ी पुलिस की सख्ती
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द ही प्रेस वार्ता के माध्यम से साझा की जाएगी. फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों पर विशेष नजर रखी जा रही है और कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
दो दिन पहले भी हुई थी ऐसी कार्रवाई
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व भी पुलिस ने सोशल मीडिया पर देशी कट्टे के साथ वायरल तस्वीर के आधार पर नागवा गांव के एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है.
युवाओं को पुलिस की चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री पोस्ट करने से बचें. ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
