Gayaji News: (गुरारू से सुमित कुमार की रिपोर्ट)
गयाजी के गुरारू प्रखंड के डबूर पैक्स चुनाव में निवर्तमान अध्यक्ष बैजनाथ पांडेय ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट्रिक बना ली है. शुरुआती दौर में कांटे की टक्कर के बावजूद अंतिम राउंड की मतगणना में मिले भारी समर्थन ने उन्हें शानदार जीत दिलाई. परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल बन गया.
शुरुआती राउंड में रहा कड़ा मुकाबला
गुरारू स्थित सर्वोदय विद्या मंदिर प्लस टू विद्यालय में देर रात तक मतगणना का कार्य चला. मतगणना की निगरानी बीडीओ संभव कुमार सिंह की देखरेख में की गई. शुरुआती तीन राउंड तक मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और प्रत्याशियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली.
अंतिम राउंड में बैजनाथ पांडेय को मिला भारी समर्थन
मतगणना के अंतिम चरण में बैजनाथ पांडेय को बड़ी संख्या में वोट मिले, जिससे चुनाव का रुख पूरी तरह बदल गया. अंतिम परिणाम में उन्हें कुल 797 मत प्राप्त हुए. उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी धनंजय कुमार को 371 और उपेंद्र यादव को 367 मत मिले.
मतदान में दिखा मतदाताओं का उत्साह
बुधवार को बथानी मध्य विद्यालय परिसर में बनाए गए चार मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ. महिला और पुरुष मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखा गया. सुबह 9 बजे तक 271, 11 बजे तक 587, दोपहर 1 बजे तक 892 और शाम 3 बजे तक 1175 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे.
67.61 प्रतिशत हुआ मतदान
मतदाताओं की लंबी कतार के कारण निर्धारित समय के बाद भी मतदान जारी रहा. शाम छह बजे मतदान समाप्त होने तक कुल 1668 मत पड़े, जो कुल 2467 मतदाताओं का 67.61 प्रतिशत रहा. मतदान प्रतिशत को देखते हुए चुनाव को लेकर ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी साफ दिखाई दी.
परिणाम आते ही जश्न में डूबे समर्थक
जीत की घोषणा होते ही बैजनाथ पांडेय के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया और नारेबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया. देर शाम तक क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा. बैजनाथ पांडेय की लगातार तीसरी जीत को उनके समर्थक जनता के विश्वास और उनके कार्यों की स्वीकृति बता रहे हैं. चुनाव परिणाम ने एक बार फिर डबूर पैक्स में उनकी मजबूत पकड़ और जनसमर्थन को साबित कर दिया है.
Also Read: जीतन राम मांझी पर हमला करने वाला मास्टरमाइंड जहानाबाद से गिरफ्तार, रिश्तेदार के घर से पुलिस ने पकड़ा
