भीख मांगने के बहाने यात्रियों को बनाती थीं निशाना, गया जंक्शन से तीन महिला चोर गिरफ्तार

Gayaji News: गया जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह की तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है. महिलाओं के पास से करीब 35 हजार रुपये मूल्य के तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.

Gayaji News: (गयाजी से रोहित कुमार सिंह की रिपोर्ट)
गया जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह की तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है. महिलाओं के पास से करीब 35 हजार रुपये मूल्य के तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. पुलिस के अनुसार, आरोपी महिलाएं बच्चों को साथ लेकर भीख मांगने के बहाने ट्रेनों और स्टेशन पर यात्रियों को निशाना बनाती थीं.

विशेष अभियान के दौरान तीन महिलाएं दबोची गईं

गया जंक्शन पर लगातार मोबाइल चोरी की शिकायतें मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी द्वारा विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा था. इसी क्रम में स्टेशन परिसर और प्लेटफार्मों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी. अभियान के दौरान वन-सी प्लेटफार्म के समीप सिग्नल संख्या डीएस-72 के पास मौजूद तीन महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ शुरू की.

तलाशी में बरामद हुए चोरी के तीन मोबाइल

आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव और रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिलाओं का व्यवहार संदिग्ध पाया गया. पुलिस को देखते ही वे घबरा गईं, जिससे शक और गहरा गया. तलाशी लेने पर उनके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए. मोबाइल के संबंध में पूछे जाने पर महिलाएं कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं.

पूछताछ में कबूला चोरी का गुनाह

बरामद मोबाइलों की जांच के बाद यह स्पष्ट हो गया कि सभी फोन चोरी के हैं. सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों महिलाओं ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उन्होंने बताया कि वे पैसेंजर ट्रेनों में बच्चों को साथ लेकर यात्रियों के बीच घूमती थीं और भीख मांगने के दौरान उनका ध्यान भटकाकर मोबाइल और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेती थीं.

तीनों आरोपियों की हुई पहचान

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान औरंगाबाद जिले के बारून थाना क्षेत्र के अजगौर बिगहा निवासी सुंदरी देवी, रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के पटेल नगर निवासी सोनाली देवी तथा झारखंड के रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र के नायक टोला निवासी संजोग गोस्वामी के रूप में हुई है.

संयुक्त टीम की सतर्कता से मिली सफलता

इस कार्रवाई में आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर विकास कुमार, जवान विवेकानंद शर्मा, महिला जवान इंदु सिन्हा, शशि शेखर, आलोक कुमार सक्सेना सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. संयुक्त टीम की मुस्तैदी के कारण चोरी की घटनाओं में शामिल महिलाओं को गिरफ्तार करने में सफलता मिली.

बड़े गिरोह से संबंध की भी हो रही जांच

डीडीयू मंडल के आरपीएफ सीनियर कमांडेंट दिनेश सिंह तोमर ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर स्टेशन और ट्रेनों में लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं. चोरी, पॉकेटमारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है. उन्होंने यात्रियों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे पुलिस को देने की अपील की है.

गिरफ्तारी से सक्रिय गिरोहों में दहशत

पुलिस ने तीनों महिलाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इनका संबंध किसी बड़े चोरी गिरोह से तो नहीं है. इस कार्रवाई के बाद गया जंक्शन पर सक्रिय चोरी करने वाले गिरोहों में दहशत का माहौल है.

Also Read: गयाजी के किलकारी समर कैंप में कथक की गूंज, बच्चों ने सीखे शास्त्रीय नृत्य के गुर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >