Gaya Ji Unidentified Body : गया जी जिले के गुरपा थाना क्षेत्र के गोहिलडीह के पास गुरुवार को नदी किनारे करीब 25 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. युवक की पहचान नहीं हो सकी है. घटना की सूचना मिलते ही मानपुर सर्किल इंस्पेक्टर ओमप्रकाश और गुरपा थानाध्यक्ष शिवनंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी.
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे तक नदी किनारे ऐसी कोई घटना नहीं थी, जिसके बाद नदी किनारे युवक का शव देखा गया.
शरीर पर जख्म के निशान और बरामद वस्तुएं
मृतक के सिर पर दो जगहों पर जख्म के गहरे निशान मिले हैं. युवक केवल जांघिया पहने हुए था व शव के पास एक चादर पुलिस ने बरामद की है.
वहीं, उसके गले में सोने की ताबीज भी पुलिस के हाथ लगी है. इधर, घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस ने आसपास के इलाकों में युवक की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है, लेकिन खबर लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी.
हत्या की आशंका और पुलिस की प्रारंभिक जांच
घटना को लेकर इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है. उन्होंने बताया कि हत्या कहीं और कर शव को लाकर यहां पर रखा गया है. पुलिस सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा.
निर्जन स्थान और प्रेम प्रसंग की चर्चाएं
इधर, ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि घटना को अंजाम देने वाले उक्त मार्ग से भली-भांति परिचित होंगे, क्योंकि जहां पर शव मिला है, वह पूरी तरह से चारों ओर जंगलों से घिरा हुआ है.
Also Read : फल्गु नदी में सालभर पानी लाने का ब्लूप्रिंट तैयार, दिल्ली में मीटिंग के बाद जल्द शुरू होगी उड़ाही
लोग वहां सिर्फ मवेशी चराने के लिए ही जाते हैं. जिस स्थिति में शव बरामद किया गया, उससे इस बात की भी चर्चा है कि यह अवैध संबंध या प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला हो सकता है.
पर्यटन स्थल के पास लगातार शव मिलने से चिंता
गौरतलब है कि इन दिनों गुरपा पहाड़ पर दर्शन के लिए बिहार सहित झारखंड और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. जिस स्थान पर युवक का शव बरामद हुआ है, वह गुरपा पहाड़ से महज करीब एक किलोमीटर की दूरी पर है.
इससे पहले भी गुरपा पहाड़ के शिखर पर एक सड़ा-गला शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है. लगातार अज्ञात शव मिलने की इन घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भी गहरी चिंता बनी हुई है.
