गया: डोभी-चतरा मार्ग पर दर्दनाक हिट एंड रन, तेज रफ्तार वाहन ने 50 वर्षीय व्यक्ति को कुचला, मौके पर मौत

डोभी-चतरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसा हुआ. डोभी थाना क्षेत्र के केसापी गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने 50 वर्षीय व्रत मंडल को कुचल दिया. इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

डोभी (ओमकार सिन्हा की रिपोर्ट). डोभी-चतरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसा हुआ. डोभी थाना क्षेत्र के केसापी गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने 50 वर्षीय व्रत मंडल को कुचल दिया. इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई. सड़क पर स्ट्रीट लाइट और स्पीड ब्रेकर न होने से गुस्साए स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी जताई है.

सड़क पार करते समय मारी जोरदार टक्कर

जानकारी के मुताबिक, केसापी गांव के रहने वाले व्रत मंडल रात के समय डोभी-चतरा सड़क पार कर रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. सड़क पर अंधेरा होने का फायदा उठाकर ड्राइवर गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि जब तक ग्रामीण जोरदार आवाज सुनकर वहां पहुंचे, उनकी मौत हो चुकी थी.

स्पीड ब्रेकर न होने से ग्रामीणों में फूटा गुस्सा

इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है. ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि इस मुख्य मार्ग पर न तो रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था है और न ही रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं. इसी प्रशासनिक लापरवाही के कारण यहां जानलेवा दुर्घटनाएं आम हो गई हैं. आक्रोशित लोगों ने पीड़ित परिवार के लिए तत्काल उचित मुआवजे की मांग की है.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

स्थानीय लोगों की सूचना पर डोभी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज (ANMMCH) भेज दिया. डोभी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

PRANJAL PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >