गया जी : बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने गुरुवार को गया जी टाउन विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री शहरी समग्र विकास योजना के तहत करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य शहर के प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली, पार्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना है.
डॉ प्रेम कुमार ने वार्ड संख्या तीन व 17 में सीमा होंडा एजेंसी से कौवा स्थान तक, गोसाईं बाग तथा सुनील छावड़ा के घर से गुरुद्वारा पंजाबी धर्मशाला तक पथ व नाली निर्माण योजना का उद्घाटन किया. इस योजना पर ₹1.21 करोड़ से अधिक की राशि खर्च की गयी है.
इसके अलावा उन्होंने वार्ड संख्या 17 में रामचंद्र धर्मशाला पथ व नाली निर्माण योजना (₹39.90 लाख), वार्ड संख्या 44 में रुक्मणी तालाब के निकट ₹44.34 लाख की लागत से बने पार्क, वार्ड संख्या 30 के नारायणगढ़ स्थित कृष्णा आइटीआइ के पास ₹10.57 लाख की नाली निर्माण योजना तथा वार्ड संख्या 34 में गेवाल बिगहा पुलिस लाइन से हनुमान धारा तक ₹24.10 लाख की लागत से निर्मित सड़क का भी उद्घाटन किया.
इसी क्रम में वार्ड 29 के कलेर यदुनंदन सिंह कॉलोनी में ₹36.61 लाख तथा सैनिक कॉलोनी रोड नंबर दो में ₹25.37 लाख की लागत से निर्मित पथ एवं नाली निर्माण कार्य भी जनता को समर्पित किया गया. इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गया जी के सर्वांगीण विकास के लिए आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, पार्क, पेयजल और स्वच्छता जैसी नागरिक सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है ताकि सभी वार्डों का संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके.
उन्होंने अधिकारियों को सभी योजनाओं की गुणवत्ता बनाये रखते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिये. साथ ही नागरिकों से सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा और स्वच्छता बनाये रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. कार्यक्रम में सूरज राणा, बंटी वर्मा, धर्मेंद्र कुमार, मनोज पासवान, धीरेन्द्र कुमार, पवन कुमार, राजनंदन गांधी, विकास कुमार, सागर सचदेवा, सोनू, प्रदीप कुमार, बिल्लू कुमार, गौतम और पप्पू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
