बारिश के बीच गया जंक्शन पहुंचे डीआरएम, रात में विंडो ट्रेलिंग करते डीडीयू गए

पितृपक्ष मेले के दौरान गया स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए डीआरएम उदय सिंह मीना ने तैयारियों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए.

पितृपक्ष मेला शुरू होने से पहले रेलवे ने गया जंक्शन पर यात्री सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों को तेज कर दिया है. पितृपक्ष के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गया पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंगलवार की देर रात मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने गया स्टेशन का निरीक्षण किया. बारिश के बीच किये गये निरीक्षण में उन्होंने स्टेशन के पुनर्विकास कार्य, यात्री सुविधाओं और यात्रियों के आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया.

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पितृपक्ष मेले के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने पर स्टेशन परिसर में किसी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए. यात्रियों के प्रवेश और निकास से लेकर प्लेटफॉर्म तक पहुंचने की व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया.

उन्होंने कहा कि भीड़ के दौरान यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी जरूरी है. डीआरएम ने गया स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस करने के लिए चल रहे पुनर्विकास कार्यों की भी जानकारी ली. उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति के साथ-साथ यह भी देखा कि मौजूदा यात्री सुविधाओं पर इसका प्रतिकूल असर न पड़े.

निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते अधिकारी | Prabhat Khabar Network

साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं पर विशेष फोकस

डीआरएम ने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाएं रखने पर विशेष जोर दिया. पितृपक्ष के दौरान दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को स्टेशन पर आवश्यक जानकारी और सहायता समय पर मिले, इसके लिए संबंधित कर्मचारियों को तत्पर रहने का निर्देश दिया गया. यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की नियमित जांच और कमियों को तत्काल दूर करने को भी कहा गया. सूचना और सहायता व्यवस्था रहेगी महत्वपूर्ण

पितृपक्ष मेला गया के लिए सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजनों में से एक है. इस दौरान रेलवे स्टेशन पर अचानक यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना रहती है. ऐसे में यात्रियों को ट्रेनों, प्लेटफॉर्म और अन्य सुविधाओं से संबंधित सही जानकारी उपलब्ध कराने के साथ सहायता व्यवस्था मजबूत रखने पर जोर दिया गया. अधिकारियों को भीड़ की स्थिति के अनुसार तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये गये.

अधिकारियों को दिए गए उचित निर्देश | Prabhat Khabar Network

गया से डीडीयू तक किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण

गया स्टेशन के निरीक्षण के बाद मंडल रेल प्रबंधक ने गया से पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तक रात्रिकालीन विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने रेल मार्ग में पड़ने वाले स्टेशनों और रेलवे परिसरों की स्थिति का अवलोकन किया. संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखने और किसी भी समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया. इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक सूरज कुमार सहित संबंधित शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रोहित कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >