बोधगया़ चेरकी थाना क्षेत्र के स्टालिन नगर के रहनेवाले 23 वर्षीय युवक बिहारी मांझी की शनिवार की रात करीब 8:30 बजे सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. थानाध्यक्ष सूर्य प्रताप गुप्ता ने बताया कि कुरमावां गांव के पास घटना हुई है, जिसमें स्टालिन नगर के बिहारी मांझी की मौत हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है. बताया जा रहा है कि किसी ट्रैक्टर से दुर्घटना हुई है. घटना की छानबीन की जा रही है. घटना के संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि स्टालिन नगर के पास ही बिहारी मांझी का शव पड़ा हुआ था. लोगों ने बताया कि किसी ट्रैक्टर से एक्सीडेंट हो गया है. उसके बाद परिजन उसको पहले घर लाये, उसके बाद एंबुलेंस बुलाकर मगध मेडिकल ले जाया गया. लेकिन, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उसके बाद वापस शव को स्टालिन नगर ले आया था. जब इसकी सूचना चेरकी थाने को मिली तब पुलिस ने पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की ओर से फिलहाल किसी को आरोपित नहीं बनाया गया है. लेकिन, ऐसा बताया जा रहा है कि जिस ट्रैक्टर से घटना हुई है उसे सभी जानते पहचानते हैं. बिहारी मांझी शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं .
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
