Gaya News: (गया से अरविंद कुमार सिंह) जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर गांव में शुक्रवार देर रात चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और तीन कमरों में रखी अलमारी और बक्सों के लॉक तोड़कर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार सुबह फतेहपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
गृह प्रवेश में शामिल होने गया था परिवार
पीड़ित विकास कुमार ने बताया कि वे अपनी बेटी के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूरे परिवार के साथ नवादा जिले के नजरडीह गांव गए हुए थे घर बंद था. शनिवार को जब उनके दोनों बेटे गांव पहुंचे तो घर का मुख्य दरवाजा खुला देखकर हैरान रह गए.
घर के अंदर बिखरा पड़ा था सामान
परिवार के लोगों ने जब घर के अंदर प्रवेश किया तो देखा कि सभी कमरों का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था. अलमारी और बक्सों के ताले टूटे हुए थे. पीड़ित के अनुसार चोरों ने खासकर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ किया. यहां तक कि बच्चों के गुल्लक भी नहीं छोड़े गए.
गांव में पहली बार हुई चोरी की बड़ी घटना
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार डुमरी चट्टी पंचायत के रघुनाथपुर गांव में पहली बार इस तरह की चोरी की घटना हुई है. घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल है. कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि चोरी की वारदात में गांव के ही कुछ लोगों की संलिप्तता हो सकती है.
डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की होगी मदद
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. चोरी में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. साथ ही मामले के खुलासे के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद ली जाएगी.
Also Read: गया में आज: जानें गया जिले में आज का दर्शन, ओपीडी में कौन होंगे डॉक्टर, शहर में कहां क्या होगा
