Gaya News: (गुरुआ से डॉ प्रमोद कुमार वर्मा) जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत भलुहार गांव में चोरों ने किसानों की नींद उड़ा दी है.एक ही रात में तीन किसानों के खेतों से सबमर्सिबल मोटर चोरी होने के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है. लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से किसान खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
रात के अंधेरे में खेतों में पहुंचे चोर
जानकारी के अनुसार चोर देर रात खेतों में पहुंचे और वहां लगे सबमर्सिबल मोटर खोलकर फरार हो गए. सुबह जब किसान खेत पर पहुंचे तो मोटर गायब देख उनके होश उड़ गए. घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया.
पूर्व उपप्रमुख समेत तीन किसान हुए चोरी के शिकार
पीड़ित किसानों में पूर्व उपप्रमुख केश्वर यादव, महावीर यादव और राजबली यादव शामिल हैं. किसानों ने बताया कि सिंचाई के इस महत्वपूर्ण समय में मोटर चोरी होने से खेती का काम प्रभावित होगा और भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा.
लगातार हो रही चोरी से ग्रामीणों में नाराजगी
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बढ़ती चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताई. ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश कुमार यादव ने बताया कि भलुहार गांव में इससे पहले भी कई किसानों के मोटर और सबमर्सिबल चोरी हो चुके हैं, लेकिन अब तक किसी चोर की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
किसानों ने बढ़ाई सुरक्षा की मांग
किसानों का कहना है कि मोटर चोरी होने से सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाएगी. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से गांव में रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर सख्त रोक लगाने की मांग की है.इस मामले में गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि अभी तक लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है.शिकायत मिलते ही पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी.
Also Read: वट सावित्री पूजा में अचानक हुई भगदड़ जैसी स्थिति, भंवरा के हमले से कई महिलाएं घायल
