Gaya News: (गया से उदय शंकर) जिले के मानपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है. जिला मुख्यालय से महज एक किलोमीटर दूर स्थित सरकारी कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी के बावजूद असामाजिक तत्वों ने एसी कूलिंग मशीन का कॉपर पाइप काटकर चोरी कर लिया.
सरकारी दफ्तर बना असामाजिक तत्वों का अड्डा
मानपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी वेद प्रकाश ने स्थानीय थाना अध्यक्ष सह ट्रेनी आईपीएस दीप्ति मोनाली को पत्र लिखकर पूरे मामले की जानकारी दी है. बीडीओ ने पत्र में बताया कि अंचल सह प्रखंड कार्यालय परिसर में अक्सर गंजेड़ी और शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है.
सुरक्षा गार्ड की तैनाती के बाद भी चोरी
हैरानी की बात यह है कि अंचल कार्यालय में 24 घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात रहता है. इसके बावजूद चोरों ने अलग-अलग जगहों पर लगे एसी मशीनों के कीमती कॉपर पाइप काट लिए. घटना के बाद सरकारी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
बीडीओ को गंजेड़ी और शराबियों पर शक
बीडीओ वेद प्रकाश ने पुलिस को दिए आवेदन में आशंका जताई है कि गंजेड़ी और शराबी किस्म के असामाजिक तत्वों ने ही इस घटना को अंजाम दिया है. उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर में लगातार ऐसे लोगों का जमावड़ा लगा रहता है.
चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
स्थानीय पुलिस ने बीडीओ के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है.पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: बेटी के गृह प्रवेश में नवादा गया था परिवार, लौटा तो नजारा देख उड़े होश, जानिए पूरा मामला
