Gaya News : सरकारी अस्पताल में निजी नर्सिंग होम के चिकित्सक से कराया बंध्याकरण

Gaya News : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बेलागंज में शुक्रवार की शाम लगाये गये विशेष बंध्याकरण शिविर में स्थानीय नर्सिंग होम संचालक द्वारा किये जा रहे ऑपरेशन के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया.

बेलागंज. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बेलागंज में शुक्रवार की शाम लगाये गये विशेष बंध्याकरण शिविर में स्थानीय नर्सिंग होम संचालक द्वारा किये जा रहे ऑपरेशन के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया. प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार को विशेष बंध्याकरण शिविर के तहत कुल 36 मरीजों का रजिस्ट्रेशन किया गया था. इन मरीजों के साथ बड़ी संख्या में उनके परिजन भी आये थे. देर शाम तक ऑपरेशन के लिए सीएचसी, बेलागंज में कोई सर्जन नहीं पहुंचा. इसके बाद बेलागंज में संचालित एक नर्सिंग होम के संचालक ने आकर महिलाओं का बंध्याकरण करना शुरू कर दिया. इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित एएनएम भी वहां उक्त चिकित्सक के साथ मौजूद थी. जब लोगों को पता चला कि किसी निजी नर्सिंग होम के चिकित्सक द्वारा ऑपरेशन किया जा रहा है, तो हंगामा शुरू हो गया. तब तक उक्त चिकित्सक द्वारा तीन मरीजों का बंध्याकरण किया जा चुका था. इनका नाम सिमरा गांव की बेबी देवी, पिपरा गांव की रंजू देवी व मकसूदपुर गांव की कविता कुमारी था. जब लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया, तो निजी नर्सिंग होम का चिकित्सक ऑपरेशन थिएटर छोड़कर भाग निकला. इसके बाद ओटी में ऑपरेशन के इंतजार में भर्ती मरीज देर शाम तक चिकित्सक के आने का इंतजार करती रहीं. ऑपरेशन के लिए ग्रामीण क्षेत्र से आये अन्य निबंधित मरीज देर शाम बगैर ऑपरेशन कराये अपने-अपने घर लौट गये. मरीजों के परिजनों ने इस मामले की जांच की मांग की है.

क्या कहते हैं स्वास्थ्य प्रबंधक

इस संबंध में स्वास्थ्य प्रबंधक बिजेंद्र कुमार ने बताया कि जिला मुख्यालय में बैठक के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नहीं थे. इस दौरान पता चला कि किसी नर्सिंग होम के संचालक द्वारा महिलाओं का बंध्याकरण किया जा रहा है. इसकी तत्काल सूचना जिला स्वास्थ्य समिति को दे दी.

क्या कहते हैं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मृत्युंजय कुमार ने बताया कि उक्त बंध्याकरण की जिम्मेवारी शिवा नारायण एजेंसी को दी गयी है, जो प्रत्येक सप्ताह में सोमवार और शुक्रवार को विशेष बंध्याकरण शिविर लगाती है. शुक्रवार की देर शाम सूचना मिली कि बगैर सर्जन के कोई अवैध चिकित्सक के द्वारा महिलाओं का बंध्याकरण किया जा रहा है. इस पर तत्काल रोक लगाते हुए ऑपरेशन का कार्य बंद करा दिया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >