Gaya News: (संदीप कुमार) जिले के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत सिंधुगढ़ थाना क्षेत्र के ढेलवा टांड़ गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है. मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है.
चार साल पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान 24 वर्षीय नीतू कुमारी, पति रूपेश यादव, के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार नीतू की शादी करीब चार वर्ष पूर्व भेलवाटांड़ निवासी रूपेश कुमार यादव के साथ हुई थी. दंपती का एक वर्षीय पुत्र है, जो मां की मौत के बाद बेसहारा हो गया है.
मायके से लौटने के दो दिन बाद हुई मौत
बताया जा रहा है कि नीतू दो दिन पहले ही अपने मायके मोर्चाक गांव, थाना गुरुआ, से ससुराल लौटी थी. शुक्रवार को अचानक उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
मायके पक्ष का आरोप- सास और ननद करती थीं प्रताड़ित
मृतका के पिता बिंदेश्वर यादव और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही नीतू को उसकी सास और ननद छोटी-छोटी बातों पर प्रताड़ित करती थीं. घर में अक्सर विवाद होता था और मानसिक दबाव बनाया जाता था.
पति पर फोन पर प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
परिजनों ने बताया कि गुरुवार को नीतू ने फोन कर जानकारी दी थी कि उसका पति रूपेश यादव, जो मुंबई में रहकर काम करता है, फोन पर उसे डांट-फटकार और गाली-गलौज कर रहा था. साथ ही उसे फांसी लगाकर जान देने के लिए उकसा रहा था.
मुंबई से लौटते ही पति हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद मुंबई से लौटे पति रूपेश यादव को सिंधुगढ़ थाना अध्यक्ष निलेश कुमार सिंह ने हिरासत में ले लिया. हालांकि परिजनों के आग्रह पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए पुलिस उसे घर लेकर पहुंची.
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, हर एंगल से जांच
सूचना मिलते ही सिंधुगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी है. घटना के बाद गांव में शोक और गुस्से का माहौल है. मायके पक्ष ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है.
Also Read: गया में विवाहिता की रहस्यमयी मौत, फंदे से लटका मिला शव, पति और चाची फरार
