Gaya News : अखाड़ों का प्रदर्शन व तलवारबाजी के करतब होंगे आकर्षण का केंद्र

Gaya News : धर्मसभा भवन में श्री रामनवमी पूजा सेंट्रल कमेटी की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता समिति के कार्याध्यक्ष क्षितिज मोहन सिंह ने की.

गया. धर्मसभा भवन में श्री रामनवमी पूजा सेंट्रल कमेटी की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता समिति के कार्याध्यक्ष क्षितिज मोहन सिंह ने की. इसमें छह अप्रैल को रामनवमी पर्व पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गयी. इस दौरान झंडा प्रभारी व झंडा कमेटी के सदस्यों ने अब तक की गयी तैयारियों की समीक्षा रखी. बैठक को संबोधित करते हुए समिति के कार्याध्यक्ष क्षितिज मोहन सिंह ने कहा कि शोभायात्रा को ऐतिहासिक व भव्य बनाने के लिए टीम वर्क के साथ काम करना होगा. उन्होंने कहा कि रामनवमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हिंदू सनातन संस्कृति का गौरवशाली प्रतीक है. इस वर्ष राम भक्तों की टोलियां शहर की सड़कों पर महाकुंभ जैसा दृश्य प्रस्तुत करेंगी जो आकर्षण का केंद्र साबित होगा. हिंदू समाज की एकजुटता को दर्शाने के लिए गौ हत्या बंद करने का संकल्प लेते हुए इस बार की रामनवमी की तैयारी की जा रही है. समिति के महामंत्री मणिलाल बारिक ने कहा कि इस बार शोभायात्रा की बेहतर व्यवस्था के लिए शहर को विष्णुपद नगर, श्रीराम नगर, वागेश्वरी नगर, डेल्हा नगर, मध्य नगर व वीर कुंवर सिंह नगर सहित छह ज़ोन में विभाजित किया गया है. इन सभी छह जोन से शोभायात्रा व झंडा यात्रा निकाली जायेगी, जो प्रमुख मार्गों से होते हुए आजाद पार्क में एकत्रित होगी. शोभायात्रा में भगवान राम की आकर्षक झांकी, विभिन्न अखाड़ों के प्रदर्शन व तलवारबाजी के करतब प्रमुख आकर्षण होंगे.

500 महिलाएं भगवा साड़ी पहनकर सिर पर कलश रखकर शोभायात्रा में शामिल होंगी

मीडिया प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि इस बार 500 महिलाएं भगवा साड़ी पहनकर सिर पर कलश रखकर शोभायात्रा में शामिल होंगी, जिससे हिंदू संस्कृति की शक्ति व भव्यता को दर्शाया जा सके. वरिष्ठ सदस्य सुरेंद्र सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि 1990 से लगातार गया शहर में रामनवमी का भव्य आयोजन किया जा रहा है. समय के साथ इसके विस्तार की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने सुझाव दिया कि नये मुहल्लों से भी झंडा यात्रा निकालने की योजना बनायी जाये. बैठक में अनिल स्वामी, मुक्तामणि, सीमा सिन्हा, रामकुमार बारिक, मुन्ना बजरंगी, अजय प्रसाद राजू, सूरज सिंह, शशिकांत मिश्रा, चंदन भदानी, नवीन कुमार, रोहित भदानी, अर्पणा मिश्रा, बबलू आर्य, संगीता देवी, नवीन कुमार वर्मा, साकेत झा शिव शंकर प्रसाद व अन्य उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >